ब्रेकिंग- मुख्यमंत्री का भेंट मुलाकात कार्यक्रम जुलाई में बालोद जिले में प्रस्तावित, किसी भी दिन हो सकता है उनका आगमन, तैयारी के लिए संभागायुक्त ने कलेक्ट्रेट में बैठक लेकर दिए हैं यह निर्देश?



बालोद। बहुत जल्द बालोद जिले में भी इस बरसात के दिनों में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आगमन भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान हो सकता है। इसको लेकर प्रशासनिक तैयारी शुरू हो चुकी है। हालांकि जुलाई के किस तारीख को उनका आगमन होगा यह अभी कुछ तय नहीं है। लेकिन जुलाई में आना तय माना जा रहा है। और इसी को देखते हुए उनके आगमन की तैयारी को लेकर बैठक का दौर शुरू हो चुका है। संभाग आयुक्त मंगलवार को बालोद जिला पहुंचे थे। जहां कलेक्ट्रेट में उन्होंने कलेक्टर, एसपी सहित सभी अधिकारियों की बैठक लेकर मुख्यमंत्री के आगमन पूर्व की तैयारी को लेकर निर्देश दिए। खासतौर से बरसात में उनका आगमन होगा इसे देखते हुए व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जून से कयास लगाए जा रहे थे। पर अब वे जुलाई में जिले में आएंगे। इस खबर से अधिकारियों के बीच हलचल मची हुई है। जनता को भी इंतजार है। जब मुख्यमंत्री आएंगे तो बड़ी समस्या उनके समक्ष रख पाएंगे।
संभागायुक्त महादेव कावरे ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर मुख्यमंत्री भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बालोद जिले में आगमन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को जिले में प्रस्तावित मुख्यमंत्री भेंट-मुलाकात कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सभी तैयारियाॅ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर डाॅ. गौरव कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रेणुका श्रीवास्तव सहित जिले के सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे। संभागायुक्त श्री कावरे ने वर्षा ऋतु में मुख्यमंत्री भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के आयोजन को देखते हुए इसके अनुरूप तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बारी-बारी से सभी विभागों के तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को अपने अधिनस्थ कार्यालयों को व्यवस्थित कराने के निर्देश भी दिए। श्री कावरे ने स्कूलों में कार्यरत् रसोईयों के मानदेय भुगतान, विद्युत विभाग की समस्याओं के निराकरण, किसानों को समुचित मात्रा में खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा गोधन न्याय योजना आदि के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने गौठानों को मल्टीएक्टिविटी सेंटर बनाने हेतु किए जा रहे कार्य, नरवा योजना, मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक योजना आदि सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी तैयारियाॅ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर डाॅ. गौरव कुमार सिंह ने जिले में गौठानों के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रत्येक जिला स्तरीय अधिकारियों को 05-05 गौठानों की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश भी दिए। उन्होंने खुले बोर के कारण घटित होने वाले अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए जिले के सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिले के किसी भी स्थान में खुला बोर नहीं होना चाहिए। उन्होंने एक भी स्थान पर खुला बोर पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

बालोद की ये खबरें भी देखें

You cannot copy content of this page