बालोद। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा एवं पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण के उद्देश्य से मातृ-पितृ पूजन दिवस का आयोजन श्रद्धा, भावपूर्ण और गरिमामय वातावरण में किया गया। इस आयोजन में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की सक्रिय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का आयोजन वेदांत समिति की ओर से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार साहू ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि माता-पिता केवल जन्मदाता ही नहीं बल्कि बालक के प्रथम शिक्षक, मार्गदर्शक एवं प्रेरणा स्रोत होते हैं। उनके त्याग, तपस्या और समर्पण से ही बच्चों का भविष्य आलोकित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आधुनिकता की दौड़ में हमें अपने माता-पिता के परिश्रम और संस्कारों को कभी नहीं भूलना चाहिए तथा परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता को तिलक लगाकर, पुष्प अर्पित कर तथा चरण स्पर्श करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया। यह दृश्य अत्यंत भाव-विभोर एवं मर्मस्पर्शी रहा, जिसने बच्चों की अपने माता-पिता के प्रति कृतज्ञता को दर्शाया। अभिभावकों ने विद्यालय परिवार के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे बच्चों में संस्कार निर्माण की दिशा में एक सशक्त पहल बताया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों ने संकल्प लिया कि वे अपने माता-पिता के प्रति प्रेम, आदर, सम्मान एवं सेवा की भावना को जीवन का आधार बनाएंगे। विद्यालय परिसर में मातृ-पितृ पूजन दिवस का यह आयोजन सांस्कृतिक चेतना और भावनात्मक संवर्धन के वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के शिक्षक-शिक्षिकाएं श्रीमती रुक्मणी ठाकुर, हर्ष गौरी ठक्कर, पुष्पांजलि पांडे, नीलम पांडे, अर्चना साहू एवं शैलेंद्र साहू सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में अनुशासन, संस्कार एवं भावनात्मक जुड़ाव मजबूत होता है।
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़
