धमतरी होते हुए बस्तर जा रही थीं रिद्धि, उपचार के दौरान तोड़ा दम; जनप्रतिनिधियों ने परिजनों के प्रति जताई संवेदना
बालोद/धमतरी। बीते बुधवार को मुंबई निवासी 24 वर्षीय बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत मरकाटोला घाटी में हुआ। बताया गया कि रिद्धि बाइक से मुंबई से नागपुर, रायपुर और धमतरी होते हुए बस्तर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान मरकाटोला घाटी के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे में रिद्धि गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आवश्यक चिकित्सकीय एवं पोस्टमार्टम संबंधी प्रक्रिया पूरी की गई।
एंबुलेंस सेवा संस्था ने पहुंचाया एयरपोर्ट

रिद्धि के पार्थिव शरीर को उनके गृह नगर मुंबई भेजने के लिए वरदान परमार्थ एंबुलेंस सेवा संस्था के शिवा प्रधान एवं डुमन ने आवश्यक सहयोग करते हुए पार्थिव शरीर को एयरपोर्ट तक पहुंचाया।
इस दुखद घटना की जानकारी मिलने पर धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। महापौर स्वयं एयरपोर्ट तक पहुंचे और पार्थिव शरीर को मुंबई के लिए विदा किया।
वहीं भैया खूब लाल ध्रुव ने भी परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही।
रिद्धि ठक्कर की असमय मौत की खबर से उनके परिवार, मित्रों और बाइक राइडिंग समुदाय में शोक की लहर है। लोगों ने दिवंगत रिद्धि की आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।













