DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

परिवार से दूर रह रहे आदिवासी बच्चों संग विधायक संगीता सिन्हा ने मनाया हरेली पर्व

बड़भूम के कन्या छात्रावास और बालक आश्रम पहुंचीं विधायक, कृषि औजारों की पूजा कर की खुशहाली की कामना

बालोद। छत्तीसगढ़ के लोकपर्व हरेली को संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने वनांचल ग्राम बड़भूम में आदिवासी छात्रावास एवं आश्रम में रह रहे बच्चों के साथ आत्मीयता से मनाया। परिवार से दूर रहकर शिक्षा प्राप्त कर रहे बच्चों के बीच पहुंचकर विधायक ने उनके साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।

विधायक संगीता सिन्हा के छात्रावास पहुंचने पर कन्या छात्रावास की छात्राओं ने आरती उतारकर उनका स्वागत किया। इसके बाद छत्तीसगढ़ की संस्कृति एवं परंपरा के अनुरूप कृषि औजारों की पूजा-अर्चना की गई। विधायक ने क्षेत्रवासियों और किसानों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाल जीवन की कामना करते हुए सभी को हरेली पर्व की शुभकामनाएं दीं।

बच्चों से जाना हालचाल, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

विधायक ने बालक आश्रम बड़भूम पहुंचकर वहां रह रहे बच्चों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य, पढ़ाई तथा दैनिक जीवन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने आश्रम में मिल रही सुविधाओं के बारे में अधीक्षक से भी विस्तार से जानकारी ली।

विधायक ने छात्रावास परिसर में वृक्षारोपण भी किया और बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। छात्रावास एवं आश्रम की व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के बाद विधायक ने संतोष व्यक्त किया। इस दौरान आदिवासी विभाग के आयुक्त द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आश्रम की लगातार निगरानी एवं बेहतर व्यवस्था के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी गई।

बच्चों के बीच आत्मीय माहौल

हरेली पर्व के अवसर पर विधायक का बच्चों के बीच पहुंचना उनके लिए खास अनुभव रहा। विधायक ने बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें परिवार से दूर रहने का एहसास कम करने और त्योहार की खुशियां साझा करने का प्रयास किया। आयोजन के दौरान पारंपरिक पर्व, शिक्षा, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम देखने को मिला।

इस अवसर पर ब्लॉक महामंत्री एवं मंडल अध्यक्ष सुमीत राजपूत, ग्राम पंचायत सरपंच शीला संदीप यादव, उपसरपंच एवं विधायक प्रतिनिधि रामाधार कुंजाम, युवा नेता हिमांशु लावत्रे, ब्लॉक आदिवासी कांग्रेस सचिव फागुराम सोरी, अधारी राम उईके, इतवारु कांगे, पंच श्रीमती जानवी कुरैटी, ममता जमादार, बालक आश्रम अधीक्षक ज्ञानेंद्र सुधाकर, कन्या छात्रावास अधीक्षक दुर्गेश्वरी साहू, पंचायत सचिव धर्मेश मंडावी सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page