DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

आजादी के जश्न को लेकर बालोद तैयार: अंतिम अभ्यास पूरा, 15 अगस्त को शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव करेंगे ध्वजारोहण

14 अगस्त को निकलेगी स्वतंत्रता दौड़, सीमार्ट में भारत विभाजन की विभीषिका पर विशेष प्रदर्शनी और स्मृति कार्यक्रम

बालोद। स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को लेकर बालोद जिला पूरी तरह तैयार है। जिला मुख्यालय स्थित स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का गुरुवार को अंतिम अभ्यास किया गया। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री किरण चव्हाण एवं जिला पंचायत सीईओ श्री सुनील चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में अधिकारियों-कर्मचारियों ने समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

अंतिम अभ्यास के दौरान अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकरा, श्री नूतन कंवर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रकांत गवर्ना, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्राची ठाकुर एवं श्री आशीष पेंद्रो सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव होंगे मुख्य अतिथि

15 अगस्त को आयोजित जिला स्तरीय समारोह के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेन्द्र यादव होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9 बजे मुख्य अतिथि का आगमन, ध्वजारोहण, गार्ड ऑफ ऑनर एवं राष्ट्रगान होगा। इसके बाद परेड निरीक्षण, मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन, हर्ष फायर, गुब्बारे एवं शांति के प्रतीक श्वेत कपोत उड़ाए जाएंगे।

समारोह में मार्चपास्ट, परेड एवं प्लाटून कमांडरों से परिचय के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से भेंट और शहीद परिवारों का सम्मान किया जाएगा। विद्यालयीन बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के बाद विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

14 अगस्त को निकलेगी स्वतंत्रता दौड़

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया जाएगा। दौड़ सुबह 7:30 बजे सरदार वल्लभ भाई पटेल मैदान से प्रारंभ होगी। प्रतिभागी घड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, संजारी क्लब के सामने से विश्राम गृह की ओर होते हुए वापस सरदार वल्लभ भाई पटेल मैदान पहुंचेंगे।

जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, अधिकारी-कर्मचारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, खेल संघों, मीडिया प्रतिनिधियों सहित समाज के सभी वर्गों से इसमें सहभागिता की अपील की है।

विभाजन की विभीषिका को भी किया जाएगा याद

14 अगस्त को भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस के अवसर पर सीमार्ट बालोद में शाम 4 बजे से विशेष स्मृति एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान भारत विभाजन से संबंधित विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन कराया जाएगा। विभाजन से प्रभावित दिवंगत लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन, गणमान्य व्यक्तियों का संबोधन और पीड़ितों की स्मृति में कैंडल मार्च भी आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारत विभाजन की त्रासदी से अवगत कराने के साथ ही उससे प्रभावित लोगों के साहस, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करना है।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के सभी आयोजनों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय एवं सफल बनाने की अपील की है।

You cannot copy content of this page