DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद में 50 वर्ष पुराने विश्राम भवन के जीर्णोद्धार और नए भवन निर्माण की मांग, 12 कमरों व 200 लोगों की बैठक क्षमता का प्रस्ताव

वरिष्ठ भाजपा नेता मधुकांत यदु सहित स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री और सांसद से की पहल की मांग

बालोद। जिला मुख्यालय बालोद में जिला न्यायालय, कलेक्टर कार्यालय, जल संसाधन विभाग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण शासकीय संस्थानों की मौजूदगी को देखते हुए जल संसाधन विभाग के पुराने विश्राम भवन के स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया भवन निर्माण किए जाने की मांग उठाई गई है।

वरिष्ठ भाजपा नेता मधुकांत यदु, जयराम निर्मलकर, योगेंद्र योगी सहित स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री, जिला प्रभारी मंत्री एवं स्थानीय सांसद से इस दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि वर्तमान विश्राम भवन का निर्माण लगभग 50 वर्ष पूर्व हुआ था और वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप यहां पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।

हाईकोर्ट-सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों सहित विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए जरूरी

मांगकर्ताओं का कहना है कि बालोद जिला कांकेर एवं अबूझमाड़ के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्रीय केंद्र के रूप में भी अपनी भूमिका निभाता है। भविष्य में हाईकोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों, महामहिम राष्ट्रपति, राज्यपाल सहित अन्य महत्वपूर्ण अतिथियों के आगमन के दौरान सुरक्षा एवं ठहरने की व्यवस्थाओं में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

ऐसे में सुरक्षा अधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों के ठहरने के लिए पर्याप्त सुविधायुक्त भवन की आवश्यकता है। प्रस्तावित भवन में लगभग 12 कमरे तथा करीब 200 लोगों के बैठने की क्षमता विकसित किए जाने की मांग की गई है।

पूर्व में भी सौंपा जा चुका है आवेदन

मांगकर्ताओं के अनुसार इस संबंध में पूर्व में जिलाधीश के माध्यम से मुख्यमंत्री, जिला प्रभारी मंत्री एवं स्थानीय सांसद को आवेदन प्रस्तुत किया जा चुका है। इस मांग को लेकर विभिन्न समाचार पत्रों में भी समाचार प्रकाशित हो चुके हैं। इसके बावजूद अब तक निर्माण की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं होने पर पुनः शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया है।

घोटिया चौक से कलेक्टर कार्यालय तक चौड़ी सड़क की भी मांग

इसके साथ ही घोटिया चौक से कलेक्टर कार्यालय तक लगभग 10 मी चौड़ी सड़क के निर्माण की मांग भी की गई है। मांगकर्ताओं का कहना है कि कलेक्टोरेट एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यालयों तक आवागमन तथा वीआईपी एवं प्रशासनिक गतिविधियों को देखते हुए इस मार्ग का चौड़ीकरण आवश्यक है।

स्थानीय नागरिकों ने शासन से आग्रह किया है कि जिला न्यास निधि सहित उपलब्ध मदों से आवश्यक राशि स्वीकृत कर पुराने विश्राम भवन के स्थान पर सर्वसुविधायुक्त भवन एवं सड़क निर्माण की दिशा में शीघ्र कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि बालोद जिले की प्रशासनिक एवं क्षेत्रीय आवश्यकता को देखते हुए यह निर्माण भविष्य में जिले के लिए महत्वपूर्ण आधारभूत सुविधा साबित होगा।

You cannot copy content of this page