ब्रह्माकुमारीज की तीन टीमें रोजाना स्कूलों और गांवों में पहुंचकर कर रहीं जनजागरूकता, थाना प्रभारी ने भी अभियान का किया समर्थन
बालोद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, आत्मज्ञान भवन आमापारा बालोद के तत्वावधान में 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत बालोद विकासखंड के विद्यालयों एवं गांवों में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।

ब्रह्माकुमारीज बालोद की मुख्य संचालिका बी.के. विजयलक्ष्मी दीदी ने बताया कि संस्था के भाई-बहन जिस समर्पण और उत्साह के साथ अभियान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उसी उत्साह के साथ समाज से भी सकारात्मक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि आत्मज्ञान भवन से प्रतिदिन तीन टीमें 9 स्कूलों एवं 3 अलग-अलग गांवों में पहुंचकर नशामुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चला रही हैं।
इन टीमों का प्रतिनिधित्व क्रमशः बी.के. सरिता दीदी, बी.के. पूर्णिमा दीदी, बी.के. नेहा दीदी एवं बी.के. मनीष भाई द्वारा किया जा रहा है। टीम जिस भी विद्यालय में पहुंचती है, वहां शिक्षक एवं विद्यार्थी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता करते हैं। शिक्षकों की ओर से भी इस प्रकार के कार्यक्रमों को विद्यालयों में निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई जा रही है।
थाना प्रभारी ने भी दिया नशामुक्ति का संदेश
मंगलवार को बालोद कोतवाली थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा भी अभियान से जुड़े और भेड़िया नवागांव एवं बेलमांड पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता की। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा की जा रही सामाजिक सेवाओं की सराहना की।
उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ कई सामाजिक समस्याओं का कारण बनता है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि यदि युवा पीढ़ी को नशे से बचाया जा सके तो समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।
4 से 20 अगस्त तक देशभर में अभियान
गौरतलब है कि नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान 4 अगस्त से 20 अगस्त 2026 तक भारतभर में चलाया जा रहा है। बालोद सेवाकेंद्र आत्मज्ञान भवन आमापारा के स्थानीय भाई-बहनों द्वारा भी बालोद विकासखंड के उच्च प्राथमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के साथ-साथ विभिन्न ग्राम पंचायतों में अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रमों के दौरान नशे से होने वाले सामाजिक एवं व्यक्तिगत नुकसान की जानकारी देने के साथ लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई जा रही है। वहीं अभियान के अंतर्गत संस्था के भाईयों द्वारा नाटक की प्रस्तुति के माध्यम से भी नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से समझाया जा रहा है।
ब्रह्माकुमारीज संस्था का यह अभियान युवाओं, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सकारात्मक एवं जागरूक जीवन अपनाने का संदेश दे रहा है।












