DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कन्या महाविद्यालय बालोद में दीक्षारंभ एवं इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन

नवप्रवेशित छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, पाठ्यक्रम और महाविद्यालयीन गतिविधियों की दी जानकारी

बालोद, 14 अगस्त 2026। भक्त माता कर्मा शासकीय कन्या महाविद्यालय बालोद में शुक्रवार को दीक्षारंभ समारोह एवं इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालयीन शिक्षा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली एवं विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराना रहा।

सरस्वती पूजन एवं राजगीत के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य सुश्री कलेन्द्री रावटे एवं सहायक प्राध्यापकों द्वारा मां सरस्वती के तैलीय चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके पश्चात छात्राओं ने राजगीत का सस्वर गायन किया।

नवप्रवेशित छात्राओं का किया स्वागत

प्रभारी प्राचार्य सुश्री कलेन्द्री रावटे ने नवप्रवेशित छात्राओं का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया। उन्होंने छात्राओं को महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों का लाभ उठाने तथा अनुशासन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

दीक्षारंभ के महत्व और आत्मनिर्भरता पर दिया जोर

सहायक प्राध्यापक श्री संतोष कुमार राना ने दीक्षारंभ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को सक्रियता के साथ शिक्षा ग्रहण करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

सहायक प्राध्यापक श्री तरुण कुमार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों एवं प्रावधानों की जानकारी दी। वहीं श्री धीवराज कुमार भोयर ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति की विशेषताओं, महाविद्यालय की गतिविधियों, अनुशासन एवं उपलब्ध संसाधनों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की।

पाठ्यक्रम और परीक्षा प्रणाली की दी जानकारी

डॉ. अमित कुमार सिंह ने सेमेस्टर पद्धति के अंतर्गत विभिन्न पाठ्यक्रमों जैसे डीएससी, डीएसई, जीई, एईसी, वीएसी एवं एसईसी की जानकारी दी। डॉ. दीपाली ने सतत आंतरिक मूल्यांकन एवं अंतःसेमेस्टर परीक्षा से संबंधित प्रावधानों को समझाया।

प्रभारी प्राचार्य सुश्री कलेन्द्री रावटे ने क्रेडिट आधारित पाठ्यक्रम, जेनरिक इलेक्टिव तथा वैल्यू एडिशन कोर्स समूह के संबंध में छात्राओं को जानकारी दी।

एनईपी एंबेसडरों का कराया परिचय

कार्यक्रम के दौरान स्नातक प्रथम सेमेस्टर से संकायवार चयनित एनईपी एंबेसडरों का परिचय कराया गया तथा उन्हें अपने विचार रखने के लिए आमंत्रित किया गया। महाविद्यालय के विभिन्न प्राध्यापकों ने अपने-अपने विभागों के संबंध में उपयोगी जानकारी साझा की। छात्राओं एवं पालकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर भी दिए गए।

महाविद्यालयीन स्टाफ एवं छात्राएं रहीं उपस्थित

कार्यक्रम में श्री सोमन लाल तारम, सहायक ग्रेड-1, श्री यशवंत कुमार देशमुख, प्रयोगशाला तकनीशियन, श्री धरमूराम राउत, प्रयोगशाला तकनीशियन, श्री राजेश कलिहारी, प्रयोगशाला तकनीशियन, सुश्री प्रीति ठाकुर, भृत्य सहित महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का संचालन श्री संतोष कुमार राना, सहायक प्राध्यापक ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्री धीवराज कुमार भोयर, सहायक प्राध्यापक ने किया।

You cannot copy content of this page