DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

डौंडी लोहारा में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर विशेष कार्यक्रम

आईटीआई में हुआ व्याख्यान, विद्यार्थियों ने किया संपूर्ण वंदे मातरम् का सामूहिक गायन

डौंडी लोहारा, 14 अगस्त 2026। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) बालोद एवं डौंडी लोहारा इकाई द्वारा वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ एवं स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आईटीआई डौंडी लोहारा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वंदे मातरम् पर व्याख्यान एवं संपूर्ण वंदे मातरम् गीत का सामूहिक गायन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में रायपुर से अभाविप छत्तीसगढ़ प्रदेश सह मंत्री श्री प्रथम राव फुटाने तथा बालोद से प्रदेश सह मंत्री सुश्री मनीषा राणा उपस्थित रहीं। जिला संयोजक दिपेश साहू एवं अतिथि हितेन्द्र गायकवाड़ मंचासीन रहे। इस अवसर पर नगर मंत्री रिषिक बारले, शान सोनी सहित पंकज, रोशन, देव, विद्या, रेमन एवं अन्य कार्यकर्ता और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

राष्ट्रभाव और स्वाभिमान का प्रतीक है वंदे मातरम्

मुख्य वक्ता प्रथम राव फुटाने ने कहा कि वंदे मातरम् केवल दो शब्द नहीं, बल्कि भारत के स्वाभिमान, संघर्ष और राष्ट्रभाव का अमर उद्घोष है। इसके 150 वर्ष पूर्ण होना सभी देशवासियों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान वंदे मातरम् क्रांतिकारियों के लिए राष्ट्रभक्ति और बलिदान की प्रेरणा बना। बंग-भंग आंदोलन से लेकर स्वतंत्रता संग्राम तक इस गीत ने देशवासियों को एकजुट करने और राष्ट्रीय चेतना जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् किसी एक जाति, पंथ या वर्ग का गीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति सम्मान, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रतीक है।

युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने पर जोर

प्रदेश सह मंत्री मनीषा राणा ने कहा कि अभाविप के राष्ट्रीय कला मंच, खेलो भारत, ऋतुमति अभियान और मिशन साहसी जैसे विभिन्न आयामों के माध्यम से विद्यार्थियों में व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि अभाविप युवाओं को राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने और सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनने के लिए प्रेरित करती है।

विद्यार्थियों ने किया सामूहिक गायन

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं ने संपूर्ण वंदे मातरम् गीत का सामूहिक गायन किया। साथ ही उपस्थित विद्यार्थियों को वंदे मातरम् के इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभाव और राष्ट्रीय चेतना के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में अभाविप कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही। आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणाओं और राष्ट्रीय चेतना से जोड़ना तथा वंदे मातरम् के राष्ट्रभाव को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

You cannot copy content of this page