DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

रामलला और काशी विश्वनाथ के दर्शन को निकले 75 श्रद्धालु, भक्ति और उत्साह के बीच हुआ तीर्थयात्रा का शुभारंभ

छत्तीसगढ़ तीर्थ योजना के तहत अयोध्या-काशी रवाना हुए श्रद्धालु; जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी चंद्राकर और जनपद सभापति मंजू बैस ने आरती उतारकर हरी झंडी दिखाकर बसों को किया रवाना

बालोद। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की महत्वाकांक्षी छत्तीसगढ़ तीर्थ योजना के तहत जिले के 75 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या एवं काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन के लिए रवाना हुआ। तीर्थयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। रवाना होने से पहले जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर एवं जनपद पंचायत डौंडी की सभापति श्रीमती मंजू संजय बैस ने श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत किया और आरती उतारकर उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

इसके बाद अतिथियों ने बसों को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या धाम स्थित भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में रामलला के दर्शन एवं काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए रवाना किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के चेहरे पर तीर्थदर्शन को लेकर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। पूरा वातावरण धार्मिक एवं भक्तिमय नजर आया।

हर वर्ग को तीर्थस्थलों के दर्शन का अवसर

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की तीर्थ योजना समाज के विभिन्न वर्गों के श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन और काशी विश्वनाथ धाम की यात्रा श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव होगी। योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित अनेक श्रद्धालुओं को तीर्थयात्रा का लाभ मिल रहा है।

जनपद पंचायत सभापति श्रीमती मंजू संजय बैस ने कहा कि तीर्थयात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और सनातन परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

व्यवस्थित यात्रा के लिए विशेष इंतजाम

तीर्थयात्रा की व्यवस्थाओं एवं बेहतर प्रबंधन में समाज कल्याण विभाग के संचालक श्री अजय गेडाम की निगरानी महत्वपूर्ण रही। उनके मार्गदर्शन में जिले के 75 श्रद्धालुओं को टीम के साथ व्यवस्थित रूप से रवाना किया गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री पुष्पेंद्र चंद्राकर, पूर्व जनपद सदस्य श्री संजय बैस सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीराम एवं काशी विश्वनाथ से सभी के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की। अयोध्या और काशी की पवित्र धरती पर दर्शन की अभिलाषा लिए 75 श्रद्धालुओं का जत्था भक्ति और उत्साह के साथ तीर्थयात्रा पर रवाना हुआ।

You cannot copy content of this page