DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

आंगनबाड़ी केंद्रों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गलती मिली तो होगी कार्रवाई : संध्या साहू

स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की सभापति के नेतृत्व में गुरुर ब्लॉक में सघन औचक निरीक्षण अभियान

गुरुर। गुरुर ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण आहार की व्यवस्था में सुधार को लेकर स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की सभापति संध्या अजेंद्र साहू के नेतृत्व में सघन औचक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सभापति के साथ स्थायी समिति के सदस्य सुभद्रा ईशा प्रकाश साहू, मीना फत्ते लाल साहू, थानसिंग देहारी एवं ममता विजय गौतम भी निरीक्षण में शामिल हैं।

विगत सप्ताह स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की बैठक में गुरुर ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। इसी निर्णय के तहत विभागीय टीम द्वारा अलग-अलग आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान परियोजना अधिकारी सुरेंद्र बंजारे, सेक्टर प्रभारी संध्या साहू सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने केंद्रों में बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं, स्वच्छता, पोषण आहार तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

लापरवाही मिली तो तत्काल नोटिस

सभापति संध्या अजेंद्र साहू ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों की देखभाल और सुविधाओं के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जहां भी कमी या लापरवाही पाई जाएगी, वहां संबंधित को तत्काल नोटिस जारी कर व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि नोटिस के बाद भी यदि व्यवस्था में सुधार नहीं होता है तो नियमानुसार कार्य से मुक्त करने अथवा सेवा समाप्ति जैसी कार्रवाई के लिए आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

सभापति ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चे शासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी हैं। इसलिए उनके स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सुरक्षित वातावरण को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

विभाग द्वारा यह औचक निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रखने की बात कही गई है, ताकि गुरुर ब्लॉक के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा सके।

You cannot copy content of this page