DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

केंद्रीय बजट को लेकर भाजपा का किसान संवाद एवं जन चौपाल: लाटाबोड़ में किसानों से सीधा संवाद, योजनाओं की दी जानकारी

बालोद। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा द्वारा किसान संवाद एवं वीबीजी राम जी जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार तथा भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख के मार्गदर्शन में जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष सुरेंद्र देशमुख के नेतृत्व में जिला संगठन अंतर्गत जूँगेरा मंडल के ग्राम लाटाबोड़ में यह कार्यक्रम प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित अन्नदाता किसानों के साथ केंद्रीय बजट 2026 में किए गए जनहितकारी प्रावधानों पर संवाद एवं परिचर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में समाज के हर वर्ग का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता भाइयों के चेहरे की मुस्कान हमेशा बनी रहे, इसके लिए केंद्रीय बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष केवल आलोचना करना जानता है, जबकि भाजपा सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति के आर्थिक विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

यशवंत जैन ने वीबीजी राम जी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत गांवों में समग्र विकास कार्य किए जाएंगे। अब केवल गड्ढा खोदने और भरने तक सीमित काम नहीं होंगे, बल्कि गांवों में सड़क, नाली, सिंचाई सुविधा, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी भवन, सामुदायिक शौचालय और स्वच्छ जल जैसी मूलभूत सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब गांव के लोग स्वयं तय करेंगे कि कौन सा कार्य पहले किया जाए। रोजगार के अवसरों को बढ़ाते हुए 100 दिनों के रोजगार को बढ़ाकर 125 दिन किया गया है।

प्रदेश प्रवक्ता किसान मोर्चा रविंद्र सिंह ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट 2026 में कृषि क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। कृषि की उत्पादकता बढ़ाने, उच्च मूल्य वाली फसलों को प्रोत्साहन देने, मत्स्य पालन एवं पशुपालन के माध्यम से रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र के लिए 1.62 लाख करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 7 प्रतिशत अधिक है।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और छोटे-मझोले किसानों को मजबूत बनाने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की ऋण सीमा 3 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है, जिससे किसानों, मछुआरों और डेयरी व्यवसाय से जुड़े लोगों को सस्ता और सुलभ ऋण मिलेगा।

भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए 500 जलाशयों एवं अमृत सरोवरों का एकीकृत विकास किया जाएगा, जिससे मछुआरों की आय में वृद्धि होगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि भारतीय जहाजों द्वारा ईईजेड और हाई सीज में पकड़ी गई मछलियों पर शुल्क मुक्त कर दिया गया है, जिससे समुद्री मत्स्य पालन को बढ़ावा मिलेगा।

प्रदेश सह संयोजक वीबीजी राम जी योगेश्वानंद योगी ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 में किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक बनाने और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने बताया कि ‘भारत-विस्तार’ (VISTAAR) नामक बहुभाषी एआई टूल शुरू किया जा रहा है, जो किसानों को फसल संबंधी सलाह और बेहतर निर्णय लेने में मदद करेगा। काजू, कोकोआ, अखरोट और बादाम जैसी फसलों के लिए विशेष कार्यक्रम भी शुरू किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना जारी रहेगी, जिसके तहत किसानों को सालाना 6000 रुपये की सहायता मिलती रहेगी। पशुपालन, मत्स्य पालन और ग्रामीण विकास के माध्यम से किसानों की अतिरिक्त आय सुनिश्चित करने पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और भाजपा की कार्यशैली से प्रभावित होकर सैकड़ों नागरिकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने उन्हें भाजपा गमछा पहनाकर स्वागत किया।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष सुरेंद्र देशमुख ने दिया। आभार प्रदर्शन भाजपा मंडल अध्यक्ष जूँगेरा अरुण साहू ने किया तथा कार्यक्रम का संचालन पुष्पेंद्र तिवारी ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री राकेश यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, छगन देशमुख, प्रेम साहू, सरस्वती टेमरिया, धर्मेंद्र साहू, दानेश्वर मिश्रा, संतोष गंगबेर, तेज मंडावी, भगवती उइके, लिखन साहू, दुर्जन साहू सहित सैकड़ों किसान, कार्यकर्ता एवं श्रमिक उपस्थित रहे।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page