आश्वासन- 15 दिन में 2 शिक्षक और मिलेंगे
बालोद। बालोद के पहले सीबीएसई पैटर्न पर संचालित सरकारी प्राइमरी स्कूल को बचाने के लिए यहां के पालकगण आगे आए है और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के लिए पहुंचे थे। मंगलवार को पालकों ने कलेक्टर को प्रत्यक्ष जनदर्शन में मुलाकात करते हुए यहां के शिक्षकों की समस्या बताई और कहा कि अगर शिक्षकों की समस्या दूर नहीं हुई तो 15 दिन बाद आंदोलन करेंगे। धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी गई। ज्ञात हो कि इस स्कूल की समस्या को लेकर हमने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी कि कैसे शासन द्वारा आत्मानंद स्कूलों पर ध्यान दिए जा रहे हैं लेकिन इस पुराने अंग्रेजी माध्यम के सरकारी स्कूलों की उपेक्षा की जा रही है। खबर प्रकाशन के साथ ही हमने पालकों की रणनीति को लेकर भी बताया था कि वे आंदोलन की तैयारी भी करे रहें। जिसके मद्देनजर पालक और समिति के लोग कलेक्टर को अल्टीमेटम देने पहुंचे थे। कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल एक शिक्षक की व्यवस्था और यह आश्वासन भी दिया कि 15 दिन के भीतर शेष 2 शिक्षक की व्यवस्था कर दी जाएगी। आश्वसन के बाद पालक वापस लौटे। कुर्मी पारा बालोद में संचालित शासकीय प्राथमिक शाला क्रमांक 1 इंग्लिश मीडियम स्कूल में शिक्षकों की समस्याओं को लेकर पहुंचे पालकों ने कलेक्टर को बताया कि यहां पर 200 बच्चों के पीछे केवल दो ही शिक्षक हैं। समस्या को सुनकर कलेक्टर ने तत्काल एक शिक्षक की व्यवस्था कराई। शिक्षकों की समस्या को लेकर पहुंचे पार्षद निर्देश पटेल, मनोज ठाकुर, पालक रामेश्वरी, गणेशराम, नूर अफराज, संजू खरे, देवेंद्र, भोलाराम, खिलेश्वरी, सविता साहू ने बताया कि सन 2018 से यह स्कूल संचालित है। जहां पर कक्षा पहली से पांचवी तक की कक्षाएं लगती है। नए शिक्षा सत्र का शुभारंभ 16 जून से हो चुका है, किंतु अभी तक यहां पर शिक्षकों की कमी बनी हुई है। यहां मात्र दो ही शिक्षक हैं जिसके कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पालकों ने बताया कि इससे पहले भी शासन प्रशासन को कई बार लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है लेकिन अभी तक निराकरण नहीं हुआ है। पालकों ने इस समस्या का निराकरण करने की मांग करते हुए 3 शिक्षकों की व्यवस्था जल्द से जल्द करने की मांग रखी। कलेक्टर ने पालकों की समस्या सुनकर तत्काल एक शिक्षक की व्यवस्था कराई। शिक्षक ने पदभार भी ग्रहण कर लिया है।
संबंधित खबर जिसे हमने प्रकाशित की थी











