बालोद। बालोद के गंजपारा स्थित ठेठवार भवन में बालोद राज ठेठवार यादव समाज की महत्वपूर्ण कार्यकारिणी बैठक संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसमें उपस्थित पदाधिकारियों और समाजजनों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का संचालन महासचिव एलेंद्र यादव ने किया। उन्होंने बैठक के प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 15 मार्च 2026, दिन रविवार को बालोद राज ठेठवार यादव समाज का वार्षिक अधिवेशन गंजपारा स्थित ठेठवार भवन में आयोजित किया जाएगा।
समाज के अध्यक्ष ताम्रध्वज यादव ने समस्त समाजजनों, पदाधिकारियों एवं मातृ शक्तियों से विनम्र अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर वार्षिक अधिवेशन को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और सहभागिता से ही संगठन को मजबूती मिलेगी।
बैठक में वार्षिक अधिवेशन की सफलता के लिए व्यवस्था समिति एवं क्रय समिति का गठन किया गया। इसके साथ ही वार्षिक सदस्यता शुल्क को पूर्व की भांति 120 रुपए ही रखने का निर्णय लिया गया। सभी सदस्यों से यह राशि अपने-अपने ग्राम प्रमुख के पास 1 मार्च तक जमा करना अनिवार्य किया गया है। ग्राम प्रमुखों द्वारा एकत्रित राशि मंडल अध्यक्षों के माध्यम से 8 मार्च को बालोद के सामाजिक भवन में कोषाध्यक्ष हेमंत यादव के पास जमा की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि वार्षिक अधिवेशन के दौरान समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों तथा दैनिक समाचार पत्रों के सहयोगी पत्रकारों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही समाज के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए पात्र विद्यार्थियों के चयन हेतु शिक्षा समिति का गठन किया गया है।
कार्यक्रम के अंत में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों हिम्मत लाल यादव (लाटाबोड़), हृदय राम यादव (कोचवाही) एवं ओम कल्याण यादव (पांगरी) के आकस्मिक निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यह जानकारी समाज के मीडिया प्रभारी बलदेव यादव ने दी।
बैठक में प्रमुख रूप से छगनलाल यादव, पवन यादव, जयप्रकाश यादव, सचिन यादव, रूद्रेश यादव, शिव भजन यादव, राजेंद्र, अरुण, चंद्रेश, जगदीश यादव, महिपाल, अशोक, रामस्वरूप, जनक यादव, रामलाल, बंसीराम, महेश, उमेश, रेखराम, संचित, कौशल, दिलबर, रामसजीवन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़
