बालोद/डौंडी लोहारा। पुराना बस स्टैंड डौंडी लोहारा के अटल चौक में 14 फरवरी 2019 को पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर जवानों की सातवीं बरसी के अवसर पर राष्ट्रगान (जन गण मन) समिति डौंडी लोहारा द्वारा विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसके बाद उपस्थित जनों ने वीर शहीदों को नमन करते हुए उन्हें याद किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए शहीदों की वीरता और बलिदान को स्मरण किया। जसराज शर्मा ने कहा कि वीर शहीदों की कुर्बानी हमेशा याद रखी जाएगी और उनका बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे वीरों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देशवासियों की रक्षा की है, जिसके लिए पूरा राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा।
विश्व हिंदू परिषद जिला बालोद के अध्यक्ष बलराम गुप्ता ने कहा कि यदि हमारे देश के वीर जवान न होते तो हम सुखी जीवन व्यतीत नहीं कर पाते। देश की सुरक्षा का दायित्व इन वीर सैनिकों के कंधों पर है और उनके त्याग एवं समर्पण को हमेशा सम्मान दिया जाना चाहिए। वहीं देवेंद्र जायसवाल (पूर्व पिछड़ा वर्ग सदस्य) ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि हमारे जवानों ने अपनी जान की कुर्बानी देकर देश और देशवासियों की रक्षा की है। उन्होंने इस प्रकार की आतंकी घटनाओं की घोर निंदा करते हुए शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संपादन राज्यपाल पुरस्कृत डॉ. बी.एल. साहसी द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित करने में राष्ट्रगान समिति के सदस्य प्यारेलाल निषाद का विशेष योगदान रहा। उन्होंने आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को राष्ट्र हमेशा याद रखेगा। साथ ही कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी लोगों का समिति की ओर से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को डॉ. साहसी द्वारा दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कराई गई। इसके पश्चात सभा के समापन की घोषणा की गई। श्रद्धांजलि सभा में देवेंद्र जायसवाल, जसराज शर्मा, धर्मेंद्र निषाद, बलराम गुप्ता, जयलाल मालेकर (जनपद सदस्य), संदीप जैन, धीरज जैन, गैंदमल भंसाली, सुरेश देवांगन, महावीर तातेड़, डॉ. साहसी, पलाश गुप्ता बलदाऊ, शिवेंद्र बहादुर, विनोद यादव सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ 📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़
