वनांचल के बेटे का राष्ट्रीय चयन:हरिद्वार में राष्ट्रीय एकता शिविर के लिए रुद्रप्रताप साहू चयनित



बालोद। प्रतिभा कभी संसाधनों की मोहताज नहीं होती और न ही भौगोलिक दूरियां उसे राष्ट्रीय पटल पर चमकने से रोक सकती हैं। छत्तीसगढ़ के वनांचल और बालोद जिले के एक होनहार बेटे ने इसे गर्व के साथ सिद्ध कर दिखाया है। माता कर्मा कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय गुण्डरदेही की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवक रुद्रप्रताप साहू का चयन उत्तराखंड के देवभूमि हरिद्वार में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय राष्ट्रीय एकता शिविर के लिए हुआ है।

यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय, बल्कि पूरे ग्राम, जिला और राज्य के लिए एक स्वर्णिम अध्याय के समान मानी जा रही है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिविर 20 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक हरिद्वार में आयोजित होगा। इस शिविर में देश के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित मेधावी स्वयंसेवक शामिल होंगे।

रुद्रप्रताप साहू, पिता गुलाब कुमार साहू, जो वर्तमान में महाविद्यालय में पीजीडीसीए के नियमित छात्र हैं, इस शिविर में जिले के एकमात्र प्रतिनिधि के रूप में शामिल होकर छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और “गढ़बो नवा छत्तीसगढ़” की संकल्पना को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे।

रुद्रप्रताप साहू की यह उपलब्धि वर्षों के अनुशासन, मेहनत और निस्वार्थ समाज सेवा का परिणाम है। एनएसएस इकाई से जुड़ने के बाद उन्होंने स्वयं को पूरी तरह समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने गुण्डरदेही ब्लॉक के गांव-गांव में जाकर “स्वच्छ भारत अभियान” को घर-घर तक पहुंचाया, ग्रामीणों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।

इसके साथ ही “एक पौधा मां के नाम” और वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रमों में अग्रणी भूमिका निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वनांचल की हरियाली बचाने के लिए जागरूकता रैलियां, नशा मुक्ति अभियान और मतदान जागरूकता जैसे सामाजिक कार्यों में उनका योगदान जिले में मिसाल के रूप में देखा जाता है।

जिले में इस चयन को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। शिक्षाविदों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि रुद्रप्रताप साहू के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से क्षेत्र के अन्य युवाओं में भी एनएसएस और समाज सेवा के प्रति प्रेरणा बढ़ेगी। यह अवसर न केवल उनके जीवन को नई दिशा देगा, बल्कि शिविर से लौटकर वे अपने अनुभवों से जिले के अन्य स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन भी करेंगे।

विश्वविद्यालय के कार्यक्रम समन्वयक जैनेन्द्र कुमार दीवान, जिला संगठक डॉ. लीना साहू, प्राचार्य एम.एल. देशमुख, कार्यक्रम अधिकारी घनश्याम साहू, वरिष्ठ स्वयंसेवक कौशल गजेंद्र एवं अन्य स्वयंसेवकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य और सफल सहभागिता की शुभकामनाएं दी हैं।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━

खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page