बालोद। बालोद जिला सेन समाज की बहुप्रतीक्षित जिला स्तरीय बैठक बंजारी धाम, जुगेरा में हर्ष और सम्मान के वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में जिले के सभी ब्लॉक, इकाई, महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, महिला प्रतिनिधि और युवा वर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज में अनुशासन, एकता और सामाजिक उत्थान के लिए ठोस दिशा तय करना रहा।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संतोष कौशिक ने की तथा संचालन अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष उमेंद्र कौशिक ने किया। बैठक में समाज सुधार और संगठनात्मक मजबूती से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।
समाज सुधार हेतु लिए गए प्रमुख निर्णय
बैठक में विधवा माताओं को सम्मान देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। अब किसी भी पुत्र या पुत्री के विवाह में विधवा माता को ‘मौर सौंपने’ के रूप में सगाई और विवाह की रस्मों में सम्मानपूर्वक सहभागिता दी जाएगी।
सगाई के बाद विवाह पूर्व लड़का और लड़की के बीच मोबाइल पर निजी बातचीत पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आवश्यक होने पर बातचीत अभिभावकों की उपस्थिति में ही होगी।
समाज के किसी सदस्य द्वारा धर्म परिवर्तन करने पर समाज स्तर पर कठोर सामाजिक कार्रवाई की जाएगी।
सेन समाज के सदस्य अन्य समाज या धर्म के सैलून, ब्यूटी पार्लर अथवा संबंधित प्रतिष्ठानों में कार्य नहीं करेंगे। नियम उल्लंघन पर अनुशासन समिति कार्रवाई करेगी।
सादगी और सामाजिक सहयोग पर जोर
मृत्यु भोज में भव्य आयोजन पर रोक लगाते हुए सादगीपूर्ण भोजन—दाल, भात, सब्जी तक सीमित रखने का निर्णय लिया गया। कलेवा में धन की बर्बादी रोकने पर विशेष बल दिया गया।
किसी परिवार में मृत्यु होने पर मृत शरीर में कफन ओढ़ाने की बजाय समाजजन नकद सहायता प्रदान करेंगे, ताकि शोकाकुल परिवार को वास्तविक सहयोग मिल सके।
विवाह समारोह में जूता छुपाने जैसी परंपराओं को समाप्त कर कार्यक्रमों को मर्यादित और गरिमामय बनाने का निर्णय लिया गया।
महिला सशक्तिकरण और संगठनात्मक एकता
समाज ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए सभी स्तरों पर महिला संगठन गठित करने का निर्णय लिया। महिलाओं के लिए विशेष सम्मेलन आयोजित होंगे तथा समाज की उपलब्धि प्राप्त महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
साथ ही महिलाओं के लिए सिलाई, कढ़ाई, बुनाई, ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण और दोना-पत्तल निर्माण जैसे स्वरोजगार प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
सामाजिक विवादों के समाधान में महिलाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में संगठनात्मक एकता पर जोर देते हुए निर्णय लिया गया कि बालोद जिला सेन समाज अब किसी पार या फिरके के आधार पर नहीं बल्कि एकजुट स्वरूप में कार्य करेगा। साथ ही ब्लॉक से जिला स्तर तक सैलून संघ का गठन किया जाएगा, जो समाज के नियमों के अंतर्गत कार्य करेगा।
बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित
बैठक में जिला अध्यक्ष संतोष कौशिक, उपाध्यक्ष लोकेश कौशिक, जगन कौशिक, संरक्षक संतोष श्रीवास, संगठन मंत्री व मीडिया प्रभारी उमेश सेन, ओमप्रकाश सेन, डोमार कौशिक, विजय सेन, दीपेंद्र सेन, जनक कौशिक सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ब्लॉक अध्यक्ष सेतुराम शांडिल्य, अशोक भारद्वाज, बिसेसर सेन, अभय सेन, संतोष कौशिक, उत्तम कौशिक, बिसारद श्रीवास, हिम्मत श्रीवास, मस्तराम शांडिल्य, रुमन शांडिल्य, भूपेश सेन, शेषशंकर श्रीवास, टंकेश्वर सेन, घनश्याम सेन, चंद्रशेखर भारद्वाज, गोविंद कौशिक, नारायण श्रीवास, रूपेंद्र सेन, डोमन सेन, नरोत्तम सेन, मुरलीधर श्रीवास, टुमन कौशिक, डामेश्वर सेन, डागेंद्र सेन सहित सैकड़ों समाजजन मौजूद रहे।
विशेष रूप से कंपनी कमांडर ओमप्रकाश सेन ने अपने सुझाव रखे, जिनका समाजजनों ने स्वागत किया।
“मॉडल जिला” के रूप में पहचान
समाज मीडिया प्रभारी उमेश कुमार सेन ने कहा कि बालोद जिला सेन समाज आज पूरे प्रदेश में अनुशासन और एकता की मिसाल है। किसी समाजजन के निधन पर सैलून संघ की दुकानें स्वतः बंद हो जाती हैं, जो समाज की संवेदनशीलता और एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बालोद जिला सेन समाज को पूरे छत्तीसगढ़ में “मॉडल जिला” के रूप में जाना जाता है।
बैठक के समापन पर संकल्प लिया गया कि बालोद जिला सेन समाज अपने संस्कार, अनुशासन और एकता की पहचान को बनाए रखते हुए समाज सुधार की दिशा में निरंतर कार्य करता रहेगा।
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
📰 No.1 Web Media in CG | डीबी डिजिटल मीडिया | डेली बालोद न्यूज़
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
✍️
खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━