पानी टंकी बनी लेकिन नहीं पहुंचा पानी: खैरडिगी के ग्रामीण पेयजल को तरसे, ठेकेदार की मनमानी से बढ़ी परेशानी



गुरुर। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के तहत गांव के सभी घरों तक पेयजल पहुंचाने के लिए पानी टंकी और नल कनेक्शन का निर्माण किया गया है, लेकिन हकीकत में लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसका जीता-जागता उदाहरण ग्राम पंचायत मुड़गहन के आश्रित ग्राम खैरडिगी में देखने को मिल रहा है।

गांव में पानी टंकी निर्माण कार्य लगभग दो वर्ष पहले पूर्ण हो चुका है, इसके बावजूद आज तक ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध नहीं हो पाया है। ऐसे में आगामी गर्मी के दिनों में ग्रामीणों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। ठेकेदार की मनमानी के चलते ग्रामीण शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे हैं। करोड़ों रुपये की लागत से पानी टंकी का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन आम लोगों तक पानी नहीं पहुंच सका है।

ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत टंकी निर्माण के बाद पाइपलाइन बिछाने और घर-घर नल कनेक्शन लगाने का कार्य भी पूरा किया जा चुका है। सभी घरों में नल लगाए गए हैं, लेकिन समझ से परे है कि टंकी से पानी की सप्लाई क्यों नहीं शुरू की जा रही है।

इसके साथ ही जिस स्थान पर पानी टंकी का निर्माण किया गया है, वहां का कार्य भी अधूरा पड़ा है। टंकी के आसपास साफ-सफाई नहीं होने से घास-फूस उग आए हैं और सूचना पटल में भी कोई जानकारी दर्ज नहीं की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार की लापरवाही और विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के कारण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे गांववासियों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है।

मामले में ग्राम पंचायत सरपंच रेशमा सिन्हा ने बताया कि ठेकेदार को लगातार कार्य पूर्ण करने के लिए संपर्क किया जा रहा है, लेकिन ठेकेदार फोन रिसीव नहीं करता। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत जिला कलेक्टर और विधायक से भी की जा चुकी है, इसके बावजूद आज तक कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है और ग्रामीणों को पेयजल के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
📰 No.1 Web Media in CG | डीबी डिजिटल मीडिया | डेली बालोद न्यूज़
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
✍️━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━

You cannot copy content of this page