DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

‘मिशन नवचेतना’ के तहत बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 आबकारी प्रकरण दर्ज

यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी शिकंजा, 151 मामलों में चालानी कार्रवाई से ₹43,900 समन शुल्क वसूला

बालोद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘मिशन नवचेतना’ और यातायात सुरक्षा अभियान के तहत बालोद पुलिस ने अवैध शराब तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के 3 प्रकरणों में वैधानिक कार्रवाई करते हुए अवैध शराब जब्त की, वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ 151 मामलों में चालानी कार्रवाई कर ₹43,900 समन शुल्क वसूला गया।

पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन तथा जिले के राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई

पुलिस के अनुसार 12 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के तहत 3 मामलों में कार्रवाई की गई। थाना डौंडीलोहारा एवं राजहरा क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में पाए गए व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं थाना गुंडरदेही क्षेत्र में अवैध रूप से बिक्री के लिए शराब रखने वाले आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

गुंडरदेही थाना क्षेत्र में पुलिस ने 11 पौवा देशी प्लेन एवं 21 पौवा देशी मसाला शराब, कुल 5.760 बल्क लीटर, जिसकी कीमत ₹2,980 बताई गई है, जब्त की। इसके साथ ही ₹20,000 कीमत की एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

151 वाहन चालकों पर कार्रवाई

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने जिले में मोटरयान अधिनियम के 151 प्रकरणों में चालानी कार्रवाई की। इस दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, दस्तावेज संबंधी तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।

बालोद पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। साथ ही शराब का सेवन कर वाहन नहीं चलाने तथा अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति नहीं देने की अपील की गई है।

अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से नशे से दूर रहने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि अवैध शराब, नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा अन्य किसी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ ‘मिशन नवचेतना’ और यातायात सुरक्षा अभियान के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आमजन की सुरक्षा बालोद पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

You cannot copy content of this page