मुख्य बाजार में बुजुर्ग की मौत, बीटाल में खड़ी ट्रक से टकराई बाइक; दो युवकों ने भी गंवाई जान, दोनों घटना 10 अगस्त सोमवार की है
दल्ली राजहरा, बालोद। दल्ली राजहरा थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसों के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। दोनों मामलों में दल्ली राजहरा पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
मुख्य बाजार में बुजुर्ग को ईको वाहन ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, दल्ली राजहरा के मुख्य बाजार में एक ईको वाहन ने पैदल जा रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बुजुर्ग कुछ दूरी तक वाहन की चपेट में रहे। इसके बाद ईको वाहन ने एक कार को भी टक्कर मार दी।
हादसे में दल्ली राजहरा निवासी विश्राम साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
बीटाल गांव में खड़ी ट्रक से टकराई बाइक, दो की मौत
दूसरी घटना दल्ली राजहरा थाना क्षेत्र के बीटाल गांव में हुई। यहां सड़क किनारे खड़ी ट्रक से मोटरसाइकिल सवार दो लोग टकरा गए। हादसा इतना गंभीर था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
दो हादसे, तीन परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
दल्ली राजहरा थाना क्षेत्र में हुए इन दोनों हादसों में कुल तीन लोगों की जान चली गई। लगातार हुई इन दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस दोनों घटनाओं की परिस्थितियों और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। जांच के बाद हादसों से जुड़े तथ्यों और जिम्मेदारियों की स्थिति स्पष्ट होगी।










