DARSHAN BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गुंडरदेही विधानसभा में विकास को मिलेगी रफ्तार: विधायक निधि से 62 कार्यों के लिए ₹2.61 करोड़ स्वीकृत

गड़ईनडीह, कसहीकला और पापरा में बनेगी सीसी रोड, सामुदायिक भवन और अन्य विकास कार्यों के लिए भी राशि मंजूर

बालोद/गुंडरदेही। गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विकास एवं निर्माण कार्यों को गति देने के लिए विधायक निधि से 62 कार्यों के लिए कुल 2.61 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। ये कार्य विधायक कुंवरसिंह निषाद के प्रस्ताव तथा ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की मांग के आधार पर स्वीकृत किए गए हैं।

तीन गांवों में सीसी रोड निर्माण

विधायक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार गड़ईनडीह, कसहीकला एवं पापरा में सीसी रोड निर्माण के लिए 9.50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। सड़क निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

सामुदायिक भवन और अन्य कार्यों को भी मिली मंजूरी

बीजाभाठा, भुरकाभाट, गणेशखपरी, देवरीबंगला, सुरेगांव, झिटिया, भंडेरा, पसौद, फुलसुंदरी, सुरसुली और हड़गहन सहित विभिन्न ग्रामों में सामुदायिक भवन, मंच निर्माण तथा अन्य संधारण एवं विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की गई है।

टटैगा मोड़-हरदी सड़क को मिली प्रशासकीय स्वीकृति

विधायक के प्रयास से दो विभागों के बीच विवाद के कारण लंबे समय से अटके टटैगा मोड़ से हरदी तक सड़क निर्माण कार्य को प्रशासकीय स्वीकृति मिलने की जानकारी भी दी गई है। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

खरखरा नदी पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण बजट में शामिल

इसी क्रम में भरदा (ट) के पास खरखरा नदी पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण को बजट में शामिल किए जाने की जानकारी दी गई है। पुल निर्माण से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के आवागमन को महत्वपूर्ण सुविधा मिलने की संभावना है।

जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री केशव शर्मा एवं प्रदेश प्रतिनिधि कोदूराम दिल्लीवार ने बताया कि ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की मांगों को ध्यान में रखते हुए इन विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाने के लिए विधायक कुंवरसिंह निषाद लगातार प्रयासरत हैं।

कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर लगाया भेदभाव का आरोप

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बालोद जिले में तीनों विधायक कांग्रेस के होने के कारण प्रदेश सरकार विकास कार्यों में भेदभाव कर रही है और बजट में स्वीकृत कई कार्यों के लिए राशि जारी नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद विधायक क्षेत्र की जनता की मांगों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

You cannot copy content of this page