देवेश ने 72 मतों से दर्ज की जीत, छात्र-छात्राओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए सीखे नेतृत्व और जिम्मेदारी के गुर
बालोद। वनांचल क्षेत्र में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किल्लेकोड़ा में छात्र-छात्राओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया और नेतृत्व का व्यावहारिक अनुभव कराने के उद्देश्य से छात्र संघ चुनाव का आयोजन किया गया। चुनाव डॉ. बी.एल. साहसी (व्याख्याता एवं छात्र संघ प्रभारी) के निर्देशन में शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ।
दो प्रत्याशियों के बीच हुआ मुकाबला

छात्र संघ अध्यक्ष पद के लिए कक्षा 12वीं कला संकाय की कुमारी दामिनी और देवेश कुमार ने नामांकन दाखिल किया। मतदान के बाद देवेश कुमार को 97 मत, जबकि कुमारी दामिनी को 25 मत प्राप्त हुए। 5 मत निरस्त किए गए। इस प्रकार देवेश कुमार ने 72 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर छात्र संघ अध्यक्ष का पद हासिल किया।
कई पदों पर निर्विरोध निर्वाचन

चुनाव में छात्र संघ उपाध्यक्ष के रूप में रितेश कुमार (11वीं), छात्रा प्रतिनिधि कुमारी दामिनी (12वीं कला), अनुशासन सचिव हिमांशु कुमार ताराम (12वीं), अनुशासन उप सचिव विकास कुमार (11वीं), स्वच्छता सचिव कुमारी रंजीता (12वीं), स्वच्छता उप सचिव कुमारी सुलोचना (11वीं), क्रीड़ा सचिव प्रभात (12वीं), क्रीड़ा उप सचिव टेमिन (9वीं), बागवानी सचिव मोरध्वज (12वीं), बागवानी उप सचिव जय कुमार (9वीं), स्वास्थ्य सचिव कुमारी रितु (12वीं) तथा स्वास्थ्य उप सचिव जय प्रकाश निर्विरोध निर्वाचित हुए।
इसके अलावा विभिन्न कक्षाओं के कक्षा नायक एवं उप कक्षा नायकों का भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ। इनमें खुशी, वेदांत, लीमन कुमार, चांदनी, निहारिका, प्रिया, खुशी (11वीं विज्ञान), नुमेश कुमार, होमन लाल, मोनिका, मीनाक्षी और गरिमा सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
शिक्षकों ने निभाई चुनाव प्रक्रिया की जिम्मेदारी
चुनाव के दौरान सी.जी. पटेल (व्याख्याता) ने पीठासीन अधिकारी की जिम्मेदारी निभाई। वहीं हेमेंद्र साहू, घनश्याम पटेल, श्रीमती त्रिजिला ठाकुर एवं श्रीमती मुक्ति ने निर्वाचन अधिकारियों के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से संपन्न हुई।
‘छात्र राजनीति से लोकतंत्र की समझ होती है’
छात्र संघ प्रभारी डॉ. बी.एल. साहसी ने कहा कि इस तरह की चुनाव प्रणाली के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनाव प्रक्रिया, नेतृत्व एवं जिम्मेदारियों की जानकारी देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की समझ विकसित करने की शुरुआत छात्र जीवन से ही होती है। चुनाव के माध्यम से विद्यार्थियों को बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला।
उन्होंने सभी निर्वाचित छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में पीठासीन अधिकारी सी.जी. पटेल ने आभार व्यक्त किया और सभी विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ उपस्थित रहे।











