क्रांति भूषण साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रखी विभिन्न मांगें, आवारा पशुओं की समस्या और गोधाम योजना के क्रियान्वयन पर हुई चर्चा
बालोद। जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों की मांगों एवं स्थानीय समस्याओं को लेकर जिला सरपंच संघ के प्रतिनिधिमंडल ने क्रांति भूषण साहू के नेतृत्व में प्रदेश के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने पंचायतों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र निराकरण की मांग की।
मुलाकात के दौरान आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा पशुओं के कारण किसानों एवं आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए गोधाम योजना का शीघ्र क्रियान्वयन किए जाने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस विषय को लेकर कृषि मंत्री रामविचार नेताम से मुलाकात नहीं हो पाने के कारण राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा से चर्चा कर गोधाम योजना को जल्द धरातल पर उतारने की मांग रखी गई। मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना।
इस दौरान बघेली सरपंच रामेश्वर तेलासी, गब्दी सरपंच कीर्तन देवदास, थलेस सिन्हा, सरपंच प्रतिनिधि रेहची सिन्हा, प्रभारी सरपंच महुद ईश्वर साहू, सरेखा सरपंच श्रीमती बंजारे, उपसरपंच मोहंदीपाट तथा ग्रामीण अध्यक्ष पोषण देवांगन सहित अन्य सरपंच एवं साथी सहयोगी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ग्राम पंचायतों की समस्याओं के निराकरण और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए आगे भी शासन-प्रशासन के समक्ष मांगों को प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।











