नेवारी कला और झलमला के विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं से शिक्षा, खेल और रचनात्मक कार्यों से जुड़ने का आह्वान
बालोद। व्यसन मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन बालोद एवं गायत्री परिवार जिला बालोद के संयुक्त तत्वावधान में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवारी कला एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय झलमला में “व्यसन से बचाओ, सृजन में लगाओ” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे के दुष्परिणामों तथा व्यसनमुक्त जीवन के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में गायत्री परिवार के जिला प्रभारी व्यसन एवं कुरीति उन्मूलन श्री विमल साहू ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की भूमिका देश के निर्माण में बेहद महत्वपूर्ण है। सही मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच के साथ युवा अपने जीवन को बेहतर दिशा देने के साथ समाज एवं राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, योग, रचनात्मक गतिविधियों एवं सामाजिक सेवा जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया।
उन्होंने शराब, गुटखा, धूम्रपान एवं गुड़ाखू जैसे व्यसनों के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए कहा कि नशे की आदत स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है। विद्यार्थियों को व्यसन से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के खतरे के प्रति भी जागरूक किया गया।
विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे से दूर रहने और अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा को सही दिशा देना ही व्यसनमुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण की मजबूत नींव है।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सहभागिता की अपील
इसी क्रम में गायत्री परिवार द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के महत्व की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई। युवा प्रकोष्ठ से श्री धर्मवीर साहू ने बताया कि यह परीक्षा विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से इस परीक्षा में सहभागिता करने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, व्याख्याता एवं शिक्षकगण सहित गायत्री परिवार बालोद के जिला प्रभारी व्यसन एवं कुरीति उन्मूलन श्री विमल साहू, बालोद ब्लॉक समन्वयक श्री लोचन प्रसाद साहू, वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री गंगा राम साहू, युवा प्रकोष्ठ से श्री धर्मवीर साहू एवं श्री मुकेश साहू उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को व्यसन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर उन्हें स्वस्थ, संस्कारवान और सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।











