बरसात में ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी, विधायक ने अधिकारियों को तत्काल अस्थायी पुल बनाने के दिए निर्देश
बालोद। वनांचल क्षेत्र के ग्राम बरही में डीएमएफ मद से लगभग 15 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत पुल निर्माण कार्य में देरी के चलते ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। बरसात के कारण गांव का संपर्क मार्ग प्रभावित होने से ग्रामीणों के आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्कूली बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीणों की रोजमर्रा की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा एक बार फिर ग्राम बरही पहुंचीं और पुल निर्माण स्थल का निरीक्षण कर मौके की स्थिति का जायजा लिया। इससे पहले भी विधायक द्वारा पुल निर्माण स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अब तक निर्माण शुरू नहीं होने पर विधायक ने नाराजगी जताई।
तत्काल अस्थायी पुल बनाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान विधायक संगीता सिन्हा ने जनपद पंचायत के एसडीओ, सरपंच एवं सचिव को तत्काल अस्थायी पुल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के दौरान ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्थायी पुल निर्माण में हो रही देरी की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्य को जल्द से जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।
बाघ की मौजूदगी के बाद बढ़ी चिंता
ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि दो दिन पहले गांव में बाघ के प्रवेश की घटना भी सामने आई थी। मार्ग बाधित होने के कारण वन विभाग की टीम को गांव तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों की सुरक्षा को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने तत्काल दूरभाष के माध्यम से डीएफओ से चर्चा की और गांव में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित वन विभाग की गश्त कराने तथा आवश्यक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं होने देंगे : संगीता सिन्हा
विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने कहा कि वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। स्थायी पुल का निर्माण जल्द शुरू कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जब तक स्थायी पुल का निर्माण पूरा नहीं होता, तब तक ग्रामीणों की सुविधा के लिए अस्थायी पुल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान ग्रामीणों को आवागमन, बच्चों की शिक्षा और आपात स्थिति में चिकित्सा एवं प्रशासनिक सहायता प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।













