DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

14 अगस्त को छत्तीसगढ़ में मनाया जाएगा ‘भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस’

युवा पीढ़ी को विभाजन की दुखद घटनाओं से अवगत कराने और प्रभावित लोगों के साहस, संघर्ष व बलिदान को श्रद्धांजलि देने होंगे विभिन्न कार्यक्रम

बालोद, 08 अगस्त 2026। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य के सभी जिलों में 14 अगस्त 2026 को ‘भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए राज्य के सभी जिला कलेक्टरों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

भारत सरकार द्वारा देशभर में स्मृति एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से यह दिवस मनाया जाएगा। इसका प्रमुख उद्देश्य विशेष रूप से युवा पीढ़ी को भारत विभाजन की दुखद वास्तविकताओं से अवगत कराना तथा विभाजन से प्रभावित लाखों लोगों के साहस, संघर्ष एवं बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करना है।

प्रदर्शनी एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम होंगे आयोजित

स्मरण दिवस के अवसर पर विशिष्ट अतिथियों द्वारा भारत विभाजन की घटनाओं और उससे प्रभावित लोगों की स्मृतियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया जाएगा। विभाजन से प्रभावित एवं दिवंगत लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा जाएगा। इसके साथ ही मतुआ समुदाय के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत एवं योगदान पर आधारित लघु वृत्तचित्र का प्रदर्शन एवं विमोचन भी किया जाएगा।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा संबोधन किया जाएगा। विभाजन के पीड़ितों की स्मृति में कैंडल मार्च (मोमबत्ती यात्रा) भी आयोजित की जाएगी।

शैक्षणिक संस्थानों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम

निर्देशों के अनुसार विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों में व्याख्यान, परिचर्चा एवं जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को भारत विभाजन के ऐतिहासिक घटनाक्रम तथा उसके सामाजिक प्रभावों की जानकारी दी जाएगी।

MyGov क्विज में भाग लेने की अपील

नागरिकों को 1 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक MyGov पोर्टल पर आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ क्विज में भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

सार्वजनिक स्थलों पर दिखाई जाएगी प्रदर्शनी और डॉक्यूमेंट्री

भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा विभाजन से प्रभावित लोगों की पीड़ा, संघर्ष और अनुभवों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनी एवं डॉक्यूमेंट्री फिल्में तैयार की गई हैं। इन डिजिटल सामग्रियों को संबंधित पोर्टल से डाउनलोड कर राज्य के उपयुक्त सार्वजनिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों, संग्रहालयों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किया जा सकेगा।

इसके अलावा 14 अगस्त 2026 को राज्यपाल अथवा मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में राज्य स्तरीय स्मृति समारोह का विशेष आयोजन भी किया जाएगा।

You cannot copy content of this page