14 केंद्रों में 9 अगस्त को होगी परीक्षा, युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की अभिनव पहल
बालोद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कुर्मी क्षत्रिय समाज के युवा अध्यक्ष योगेश्वर कुमार देशमुख के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति प्रेरित करने और उनकी प्रतिभा को सामने लाने के उद्देश्य से ‘छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिभा खोज प्रतियोगिता परीक्षा’ का आयोजन रविवार 9 अगस्त को किया जाएगा। प्रदेशभर में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में 1100 से अधिक 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा दोपहर 11:45 बजे से 2:00 बजे तक प्रदेश के 14 परीक्षा केंद्रों में एक साथ आयोजित की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों के रोल नंबर एवं परीक्षा केंद्र जारी किए जा चुके हैं। परीक्षा को व्यापम की तर्ज पर पारदर्शी एवं अनुशासित तरीके से आयोजित करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी केंद्रों में केंद्राध्यक्ष एवं वीक्षकों की नियुक्ति के साथ ही केंद्रीय पर्यवेक्षक और कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है।
योगेश्वर देशमुख के नेतृत्व में तैयारियां पूरी
प्रदेश कुर्मी क्षत्रिय समाज के युवा अध्यक्ष योगेश्वर देशमुख के मार्गदर्शन तथा शिक्षा प्रकोष्ठ के सचिव गिरीश हरमुख के नेतृत्व में परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार से परीक्षा सामग्री का वितरण शुरू किया जाएगा, जिससे सभी केंद्रों पर समय से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।
समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल तथा दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर भी परीक्षा केंद्रों में पहुंचकर अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
प्रथम 10 प्रतिभागियों को मिलेगा नकद पुरस्कार
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम 10 प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम स्थान के लिए ₹21,000, द्वितीय ₹17,000, तृतीय ₹15,000, चतुर्थ ₹11,000, पंचम ₹9,000 तथा छठवें से दसवें स्थान तक प्रत्येक प्रतिभागी को ₹3,000 की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
‘शिक्षा ही समाज के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव’—योगेश्वर देशमुख
योगेश्वर कुमार देशमुख ने कहा कि समाज तभी आगे बढ़ता है, जब उसके युवा शिक्षा और प्रतिस्पर्धा के क्षेत्र में आगे बढ़ते हैं। ‘छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिभा खोज प्रतियोगिता’ केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धी सोच और उत्कृष्टता की भावना विकसित करने का अभियान है।
उन्होंने कहा कि प्रयास है कि समाज का हर प्रतिभाशाली विद्यार्थी बड़े से बड़े प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करे। शिक्षा ही समाज के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है और समाज सदैव मेधावी विद्यार्थियों के साथ खड़ा रहेगा।












