बालोद। बालोद जिले के पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण से महिला कमांडो संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट कर संगठन की गतिविधियों एवं सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने महिला कमांडो के कार्यों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि महिला कमांडो एक स्वयंसेवी सामाजिक संगठन है, जो रात्रिकालीन गश्त के माध्यम से गांवों में शांति, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का प्रयास करता है। संगठन गांधीवादी विचारधारा के अनुरूप कार्य करता है तथा किसी भी परिस्थिति में कानून को अपने हाथ में नहीं लेता, बल्कि पुलिस और प्रशासन के सहयोग से सामाजिक जागरूकता एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में योगदान देता है।
महिला कमांडो की कार्यप्रणाली से अवगत होने के बाद पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने कहा कि समाजहित में किए जा रहे ऐसे सकारात्मक प्रयासों को पुलिस विभाग का हरसंभव सहयोग मिलेगा। उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने में सामाजिक सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर पद्मश्री शमशाद बेगम, भीमेश्वरी सांडिल्य, महिला कमांडो प्रतिनिधि रफीक खान उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने डीएसपी श्रुति सिंह, एसडीओपी विनय साहू तथा उपनिरीक्षक मनीष शेंडे से भी मुलाकात कर सामाजिक गतिविधियों एवं आपसी समन्वय को लेकर चर्चा की।












