अर्जुंदा (बालोद)। ग्रैपलिंग रेसलिंग सोसायटी ऑफ छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित 6वीं राज्य ग्रैपलिंग रेसलिंग चैंपियनशिप-2026 में अर्जुंदा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और नगर का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता का आयोजन 3 अगस्त 2026 को रायपुर के झूलेलाल धाम भवन, कटोरा तालाब में किया गया।

प्रतियोगिता में अर्जुंदा के तीन खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग में अमरदास (पिता- श्री चिन्तूराम) ने -58 किलोग्राम NOGI वर्ग में रजत पदक तथा GI वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं कैडेट वर्ग में सोमेश देशलहरे (पिता- श्री तीरथ दास देशलहरे) ने -63 किलोग्राम NOGI वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अर्जुंदा का गौरव बढ़ाया। अंडर-13 वर्ग में मौलिक चन्द्राकार (पिता- श्री आनंददेव चन्द्राकार) ने -34 किलोग्राम NOGI वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया।

इन खिलाड़ियों ने कोच अमर दास के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। कोच अमर दास ने कहा कि अनुशासन, नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और सही तकनीक ही किसी भी खिलाड़ी को सफलता दिलाती है। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता, आत्मअनुशासन और स्वस्थ जीवन का आधार भी है। उन्होंने बताया कि वे वर्तमान में एक निजी विद्यालय में खेल शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं तथा राष्ट्रीय स्तर के ग्रैपलिंग रेसलिंग खिलाड़ी एवं रेफरी भी हैं।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर अर्जुंदा के नागरिकों, खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने सभी विजेता खिलाड़ियों तथा कोच अमर दास को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि ये खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अर्जुंदा, बालोद और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर युवाओं से खेलों को अपनाने तथा मोबाइल और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने का आह्वान भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है तथा निरंतर प्रयास करने वाले खिलाड़ी ही सफलता का नया इतिहास रचते हैं।











