DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

ओनाकोना पर्यटन स्थल में मिला युवक का शव, कांकेर के गौकरण नेताम की हुई पहचान

21 जुलाई को धमतरी में पेशी पर जाने की बात कहकर निकला था घर से, पांच दिन पुराना बताया जा रहा शव

बालोद। जिले के प्रसिद्ध ओनाकोना पर्यटन स्थल में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महानदी तट एवं गंगरेल बांध के डुबान क्षेत्र में स्थित इस पर्यटन स्थल पर पानी में शव दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों ने दुर्गंध आने पर दी पुलिस को सूचना

जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 9 बजे ग्रामीणों को क्षेत्र में तेज दुर्गंध महसूस हुई। तलाश करने पर पानी में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुरूर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर गुरुर अस्पताल की मरच्यूरी में रखवाया।

टैटू से हुई युवक की पहचान

पुलिस एवं चिकित्सकों की मौजूदगी में परिजनों ने शव की पहचान कांकेर जिले के जेपरा निवासी 30 वर्षीय गौकरण नेताम के रूप में की। शव काफी सड़-गल चुका था, इसलिए चेहरे और हाथ पर बने टैटू के आधार पर उसकी पहचान संभव हो सकी।

धमतरी पेशी में जाने की बात कहकर निकला था

परिजनों ने पुलिस को बताया कि गौकरण नेताम भानुप्रतापपुर में रहकर ड्राइवर का कार्य करता था। वह 21 जुलाई को धमतरी में पेशी में जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद अब उसका शव ओनाकोना पर्यटन स्थल के जलाशय में मिला है।

मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार शव लगभग पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

You cannot copy content of this page