बालोद। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत 11 निरीक्षकों और 3 उप निरीक्षकों सहित कुल 14 अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
गुंडरदेही और डौंडीलोहारा समेत कई थानों को मिले नए प्रभारी
तबादला सूची के अनुसार यातायात प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पांडेय को थाना प्रभारी गुंडरदेही बनाया गया है। वहीं निरीक्षक सुनील तिर्की को डौंडीलोहारा से थाना प्रभारी दल्लीराजहरा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निरीक्षक अविनाश सिंह को नया थाना प्रभारी डौंडीलोहारा बनाया गया है।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
आदेश के अनुसार सखाराम मंडावी को थाना प्रभारी मंगचुवा, नरेन्द्र दुबे को थाना प्रभारी सुरेगांव, मोहन निषाद को थाना प्रभारी देवरी, उत्तम गावड़े को थाना प्रभारी रनचिरई, नरेश देशमुख को थाना प्रभारी अर्जुन्दा, सोन सिंह सोरी को थाना प्रभारी सनौद तथा नवीन बोरकर को यातायात प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा दिनेश कुर्रे को रनचिरई थाना प्रभारी से स्थानांतरित कर सीसीटीएनएस एवं नए कानूनों के क्रियान्वयन से संबंधित कार्यों के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं रिजर्व केंद्र, बालोद में पदस्थ किया गया है।
उप निरीक्षकों के भी हुए तबादले
उप निरीक्षक मनीष शेंडे को देवरी थाना प्रभारी से रिजर्व केंद्र बालोद, राधा बोरकर को सनौद से थाना बालोद तथा इंदिरा वैष्णव को अर्जुन्दा से थाना दल्लीराजहरा स्थानांतरित किया गया है।
कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने की कवायद
पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य जिले में कानून व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना, पुलिसिंग में तेजी लाना तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों में बेहतर कार्यप्रणाली सुनिश्चित करना बताया जा रहा है। नई पदस्थापनाओं के बाद संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने नवीन पदस्थापन स्थल पर कार्यभार संभालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।









