लाईवलीहुड कॉलेज पाकुरभाट में 8 दिवसीय प्रशिक्षण, सफल अभ्यर्थियों को मिलेगा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना का प्रमाण-पत्र
बालोद। जिले के युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज, पाकुरभाट में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) के अंतर्गत विभिन्न ट्रेडों में 8 दिवसीय निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इन ट्रेडों में मिलेगा प्रशिक्षण
जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज के सहायक परियोजना अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण के तहत फोर व्हीलर सर्विस तकनीशियन, सोलर पीवी इंस्टालर (सूर्यमित्र), असिस्टेंट मेसन, जल वितरण संचालक (वाटर डिस्ट्रीब्यूटर ऑपरेटर) तथा जनरल ड्यूटी असिस्टेंट जैसे रोजगारपरक संकायों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के बाद होगा मूल्यांकन
प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसमें सफल अभ्यर्थियों को प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत मान्यता प्राप्त प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकेंगे।
इन दस्तावेजों के साथ करें आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता संबंधी प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र की छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ कार्यालयीन समय में जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज, पाकुरभाट पहुंचकर आवेदन जमा कर सकते हैं।
रोजगार से जुड़ने का बेहतर अवसर
प्रशासन ने जिले के पात्र युवाओं से इस प्रशिक्षण का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि वे कौशल विकास के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें।
(स्रोत: जिला जनसंपर्क कार्यालय, बालोद)










