ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों का दावा—दो वर्षों तक लगातार पत्राचार और फॉलोअप के बाद मिली प्रशासकीय स्वीकृति, ग्रामीणों ने विधायक का जताया आभार
बालोद। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही के अध्यक्ष कचरू साहू एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अर्जुंदा के अध्यक्ष जीवन बंदे ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दावा किया है कि सांकरी-कमरौद मार्ग पर तांदुला नदी में उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद के लगातार दो वर्षों के प्रयास, पत्राचार और जनहित में किए गए फॉलोअप का परिणाम है। उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख पर इस कार्य का झूठा श्रेय लेने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस नेताओं ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि विधायक कुंवर सिंह निषाद ने 9 जनवरी 2024 को उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव को पत्र लिखकर सांकरी-कमरौद मार्ग में तांदुला नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य को वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 के बजट में शामिल करने की मांग की थी। इसके बाद 25 जून 2024, 30 दिसंबर 2024, 5 फरवरी 2025, 5 जून 2025, 11 जून 2025 तथा 5 जून 2026 को भी लगातार पत्राचार कर इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया गया।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी दावा किया गया है कि विधायक के पत्रों पर कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग मंत्रालय द्वारा प्रमुख अभियंता को आवश्यक कार्यवाही के लिए पत्र जारी किया गया था, जिससे यह विषय शासन स्तर पर लगातार विचाराधीन रहा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि विधायक के निरंतर प्रयासों के कारण ही अंततः इस कार्य को प्रशासकीय स्वीकृति मिली।
ब्लॉक अध्यक्षों ने आरोप लगाया कि जब विधायक इस पुल निर्माण के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे, तब भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख की ओर से इस संबंध में कोई ज्ञापन, पत्राचार, आंदोलन अथवा पहल नहीं की गई। उनका कहना है कि अब स्वीकृति मिलने के बाद भाजपा नेता फोटो खिंचवाकर और बयान जारी कर इसका श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा से यह भी पूछा कि यदि उन्होंने इस पुल की स्वीकृति के लिए कोई प्रयास किया है तो उससे संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं। उन्होंने कहा कि सांकरी-कमरौद पुल सहित क्षेत्र के कई विकास कार्य विधायक कुंवर सिंह निषाद की जनहित के प्रति प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयासों का परिणाम हैं। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद ग्राम सांकरी एवं कमरौद के जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों ने विधायक कुंवर सिंह निषाद के निवास पहुंचकर उनका आभार व्यक्त किया।











