DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जगन्नाथपुर में जियो नेटवर्क की खराब स्थिति से लोग परेशान, इंटरनेट की धीमी रफ्तार पर फूटा आक्रोश

बालोद/जगन्नाथपुर। ग्राम जगन्नाथपुर सहित आसपास के गांवों में पिछले लगभग एक सप्ताह से जियो नेटवर्क की खराब स्थिति के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवा अत्यंत धीमी गति से चलने के कारण ऑनलाइन कार्य, डिजिटल भुगतान, पढ़ाई, कार्यालयीन कामकाज और अन्य जरूरी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। लगातार आ रही इस समस्या से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जगन्नाथपुर में जियो का मोबाइल टावर स्थापित होने के बावजूद उन्हें बेहतर नेटवर्क सुविधा नहीं मिल पा रही है। इंटरनेट की स्पीड इतनी धीमी है कि सामान्य वेबसाइट और मोबाइल एप्लिकेशन भी ठीक से नहीं खुल रहे हैं। कई बार कॉलिंग और डेटा सेवा भी बाधित हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को रोजमर्रा के कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी जियो नेटवर्क और जियो फाइबर (वाई-फाई) सेवा में लंबे समय तक तकनीकी समस्याएं बनी रही थीं। अब एक बार फिर नेटवर्क की खराब स्थिति ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। विशेष रूप से विद्यार्थी, ऑनलाइन कार्य करने वाले युवा, व्यापारी और डिजिटल भुगतान पर निर्भर लोग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।

क्षेत्रवासियों ने जियो कंपनी से मांग की है कि जल्द से जल्द तकनीकी खराबी दूर कर नेटवर्क और इंटरनेट सेवा को सुचारु बनाया जाए। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे संबंधित विभाग एवं कंपनी के अधिकारियों के समक्ष सामूहिक रूप से अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे।

You cannot copy content of this page