अम्बागढ़ चौकी से शिवनाथ नदी का जल लेकर पहुंचेंगे 400 से 500 श्रद्धालु, अगले दिन पाटेश्वरधाम में करेंगे जलाभिषेक
डौण्डी लोहारा। श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवर पदयात्रा को लेकर ग्राम रेंगाड़बरी में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवरिए शिवनाथ नदी से पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए पैदल यात्रा करेंगे। पूरे गांव में धार्मिक उत्साह का माहौल है और श्रद्धालुओं के स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
जानकारी के अनुसार 9 अगस्त 2026 (रविवार) को अम्बागढ़ चौकी स्थित शिवनाथ नदी से जल लेकर लगभग 400 से 500 कांवरिए रेंगाड़बरी पहुंचेंगे। यहां श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की जाएगी तथा वे स्कूल मैदान में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद 10 अगस्त की सुबह 5 से 6 बजे सभी कांवरिए पवित्र जल लेकर पाटेश्वरधाम जामडीपाठ के लिए रवाना होंगे, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपनी पदयात्रा पूर्ण करेंगे।
कांवर यात्रियों की सेवा एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी बोल बम सेवा समिति एवं समस्त ग्रामवासियों ने संभाली है। समिति के सदस्यों ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल, विश्राम स्थल सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जा रही है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ग्रामीणों ने बताया कि रेंगाड़बरी वर्षों से कांवर पदयात्रियों का प्रमुख पड़ाव रहा है। हर वर्ष यहां श्रद्धालुओं का श्रद्धाभाव से स्वागत किया जाता है। इस बार भी पूरे गांव में भक्ति, सेवा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
– नेमन साहू, रेंगाड़बरी









