DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

अब शादी से पहले होगी रिश्तों की तैयारी: बालोद में शुरू होगा ‘तेरे मेरे सपने’ विवाह पूर्व संवाद केन्द्र

वैवाहिक जीवन को सफल बनाने, तलाक व घरेलू विवाद कम करने की अनूठी पहल, सामाजिक कार्यकर्ताओं से 15 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित

बालोद। वैवाहिक जीवन को अधिक मजबूत, सुखद और जिम्मेदार बनाने की दिशा में बालोद जिले में एक नई और अभिनव पहल शुरू होने जा रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राष्ट्रीय महिला आयोग के मार्गदर्शन में ‘तेरे मेरे सपने’ विवाह पूर्व संवाद केन्द्र (Pre-Marital Counselling Centre – PMCC) का संचालन किया जाएगा। इस केन्द्र का उद्देश्य विवाह से पहले युवाओं को वैवाहिक जीवन, पारिवारिक जिम्मेदारियों, आपसी संवाद, मानसिक एवं भावनात्मक संतुलन और समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान करना है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि संचालनालय, महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले में ‘विवाह पूर्व संवाद केन्द्र’ का गठन किया जाएगा। इसके माध्यम से दांपत्य जीवन में आने वाली चुनौतियों को कम करने, पारिवारिक रिश्तों को मजबूत बनाने, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने तथा घरेलू हिंसा और तलाक जैसी समस्याओं की रोकथाम के लिए जागरूकता और परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।

इस पहल के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर गठित समिति में सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक संस्थाओं के अध्यक्षों को सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा। इसके लिए इच्छुक एवं योग्य व्यक्तियों से 15 अगस्त 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

इच्छुक सामाजिक कार्यकर्ता एवं संस्था अध्यक्ष अपने आवेदन जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, कक्ष क्रमांक-79, संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर, बालोद में स्वयं उपस्थित होकर अथवा रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से निर्धारित तिथि तक जमा कर सकते हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग का मानना है कि यदि विवाह से पहले युवाओं को रिश्तों की समझ, संवाद की महत्ता, जिम्मेदारियों का बोध और पारिवारिक मूल्यों की जानकारी दी जाए, तो वैवाहिक जीवन अधिक सफल और खुशहाल बन सकता है। यही उद्देश्य लेकर ‘तेरे मेरे सपने’ विवाह पूर्व संवाद केन्द्र की शुरुआत की जा रही है, जो समाज में मजबूत परिवारों और स्वस्थ रिश्तों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

You cannot copy content of this page