2021-22 से 2025-26 तक के लंबित भुगतान वाले विद्यार्थी जल्द कराएं बैंक खाते में सुधार
बालोद। आदिवासी विकास विभाग ने अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है, जिनकी पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक की राशि अब तक लंबित है।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि कई विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति गलत बैंक खाता संख्या, गलत आईएफएससी कोड, बैंक का नाम गलत दर्ज होने, खाता बंद होने अथवा बैंक खाते का आधार से सीडिंग नहीं होने के कारण जारी नहीं हो सकी है।
विभाग ने ऐसे सभी विद्यार्थियों, संबंधित संस्था प्रमुखों एवं छात्रवृत्ति नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 15 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन छात्रवृत्ति पोर्टल पर बैंक खाते से संबंधित आवश्यक संशोधन कराते हुए आधार सीडिंग अनिवार्य रूप से पूर्ण करें।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर बैंक खाते की जानकारी सही एवं आधार से लिंक होने पर ही लंबित छात्रवृत्ति राशि का भुगतान किया जा सकेगा। इसलिए पात्र विद्यार्थी समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर छात्रवृत्ति का लाभ सुनिश्चित करें।








