DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा चलाएगी ‘समरसता संकल्प अभियान’, पूरे जिले में निकलेगी पवित्र कलश यात्रा

बालोद। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री चेमन देशमुख ने कहा है कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा पूरे जिले में ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से संत रविदास के जीवन दर्शन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में एकता, समानता और सद्भाव का वातावरण निर्मित करने का संकल्प है।

जिला अध्यक्ष श्री देशमुख ने बताया कि वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी युक्त कलश का पूजन राजधानी रायपुर के श्रीराम मंदिर में पूज्य संतों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न होने के बाद 4 अगस्त को पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम में कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, प्रदेश के साधु-संत एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। यहां से प्रदेश के 36 संगठन जिलों के जिला अध्यक्षों को पवित्र कलश सौंपे जाएंगे, जिसके बाद इन्हें प्रदेश के 479 मंडलों तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बालोद जिले में भी यह पवित्र कलश विभिन्न मंडलों का भ्रमण करेगा। इस दौरान कलश यात्राएं निकालकर संत रविदास के समरस समाज, सामाजिक समानता और मानवता के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। अभियान अगले वर्ष माघ पूर्णिमा तक निरंतर संचालित रहेगा और भाजपा कार्यकर्ता समाज के सभी वर्गों के बीच जाकर संत रविदास के आदर्शों से प्रेरित होने का आह्वान करेंगे।

श्री देशमुख ने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही सामाजिक समरसता, भाईचारा और समानता पर आधारित मजबूत समाज का निर्माण संभव है। भाजपा का यह अभियान समाज में सद्भाव और समावेशिता को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

You cannot copy content of this page