राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की पुण्य स्मृति पर ब्रह्माकुमारीज का संकल्प, युवाओं को नशे से दूर कर मूल्यनिष्ठ जीवन की ओर बढ़ाने का आह्वान
बालोद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, आत्मज्ञान भवन आमापारा बालोद में संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की पुण्य स्मृति के अवसर पर मंगलवार को 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों एवं जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अध्यक्षता कर रहीं बी.के. विजयलक्ष्मी दीदी, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ के चेयरमैन तोमन साहू, रेडक्रॉस समिति बालोद के जिलाध्यक्ष प्रदीप जैन, बी.के. सरिता दीदी, पत्रकारों एवं ग्राम ओरमा के सरपंच द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
राजयोग से नशामुक्त जीवन का संदेश
कार्यक्रम में बी.के. सरिता दीदी ने राजयोग का परिचय देते हुए कहा कि अधिकांश लोग मित्रों के प्रभाव में नशे की शुरुआत करते हैं, जो धीरे-धीरे आदत, आवश्यकता और फिर लत बन जाती है। उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारीज द्वारा सिखाया जाने वाला राजयोग व्यक्ति को आत्मज्ञान, सकारात्मक सोच, बुरी संगति से बचाव, मजबूत लक्ष्य और स्वयं के लिए समय देना सिखाता है। इन मूल्यों को अपनाकर व्यक्ति सहज रूप से व्यसनों से मुक्त हो सकता है।
युवा पीढ़ी को बचाने का समय : दीपक दुबे
जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे ने कहा कि नशा आज किशोरों और युवाओं के भविष्य को निगल रहा है। प्रधानमंत्री के आह्वान पर ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा शुरू किया गया यह अभियान समय की आवश्यकता है और इसके लिए संस्था बधाई की पात्र है।
नशामुक्ति पूरे देश की जरूरत : प्रदीप जैन

रेडक्रॉस समिति बालोद के जिलाध्यक्ष डॉ. प्रदीप जैन ने कहा कि यह अभियान केवल 10 करोड़ लोगों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचना चाहिए, ताकि स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण हो सके।
मानसिक शक्ति से ही छूटेगा नशा : तोमन साहू
रेडक्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ के चेयरमैन तोमन साहू ने कहा कि नशे का सबसे बड़ा कारण मानसिक कमजोरी है। यदि व्यक्ति मानसिक रूप से सशक्त बन जाए तो वह आसानी से व्यसन छोड़ सकता है। राजयोग मानसिक ऊर्जा और आत्मबल प्रदान करता है।
परिवार का तनाव भी बड़ी वजह : सुनील चंद्रवंशी
जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी ने कहा कि घरों में बढ़ता तनाव बच्चों को नशे और अपराध की ओर धकेल रहा है। ऐसे समय में ब्रह्माकुमारी संस्था का यह जनजागरण अभियान समाज के लिए अत्यंत सकारात्मक पहल है।
बौद्धिक आंदोलन है ब्रह्माकुमारीज : चंद्रकांत कौशिक
मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने कहा कि भारत माता की जय तभी सार्थक होगी जब देश के युवा स्वस्थ और नशामुक्त होंगे। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्था को एक बौद्धिक आंदोलन बताते हुए कहा कि यह संस्था सही और गलत की पहचान कराकर मानव सेवा के माध्यम से परमात्मा तक पहुंचने का मार्ग दिखाती है।
90 स्कूलों और 60 गांवों में चलेगा अभियान
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बी.के. विजयलक्ष्मी दीदी ने बताया कि 4 अगस्त से 22 अगस्त तक बालोद जिले के लगभग 90 स्कूलों एवं 60 से अधिक गांवों में नशा मुक्ति जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। प्रतिदिन सुबह विद्यालयों में और शाम को गांवों में जाकर लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के भाई-बहनों ने नृत्य एवं प्रेरणादायक नाटक की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का सफल संचालन बी.के. मनीष भाई ने किया।










