DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद में वृक्षारोपण महाअभियान के सहभागी अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान

2.72 लाख से अधिक लोगों ने किया पौधरोपण, कलेक्टर ने पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी की सराहना

बालोद। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित वृहद वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पौधरोपण प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने पौधरोपण को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण पहल बताते हुए सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं जनसहभागिता की सराहना की।

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा की मंशानुरूप 30 जुलाई को आयोजित महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान को जिलेभर में अभूतपूर्व जनसमर्थन मिला। अभियान की सफलता में अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों एवं आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान बालोद जिले में 2 लाख 72 हजार 483 लोगों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, जो जिले के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। कलेक्टर ने सभी सहभागी नागरिकों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रकृति के संरक्षण के लिए ऐसे जनआंदोलन भविष्य में भी निरंतर जारी रहने चाहिए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकरा, श्री नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page