3 किलोवाट सोलर प्लांट से हर महीने हजारों रुपये की बचत, केंद्र और राज्य सरकार से मिली ₹1.08 लाख की सब्सिडी
बालोद। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जिले के नागरिकों के लिए आर्थिक बचत और स्वच्छ ऊर्जा का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। योजना का लाभ उठाते हुए गुरूर निवासी श्री नंदकिशोर शर्मा ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया है, जिसके बाद उनके घर का बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है।
श्री शर्मा ने बताया कि करीब तीन माह पहले उनके घर में सोलर पैनल लगाया गया था। इससे पहले हर महीने 4 से 5 हजार रुपये तक बिजली बिल आता था, लेकिन अब उन्हें बिजली बिल का भुगतान नहीं करना पड़ रहा है। इससे उनके परिवार को हर महीने अच्छी-खासी आर्थिक बचत हो रही है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया बेहद आसान और पारदर्शी रही। आवेदन के बाद अधिकृत वेंडर ने घर का निरीक्षण किया और ऋण व सब्सिडी से जुड़ी सभी जानकारियां उपलब्ध कराईं। इसके बाद कम समय में उनके घर पर सोलर संयंत्र स्थापित कर दिया गया।
श्री नंदकिशोर शर्मा को इस योजना के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से कुल ₹1 लाख 8 हजार की सब्सिडी प्राप्त हुई, जिससे सोलर प्लांट लगवाना काफी किफायती हो गया। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल है और बिना किसी प्रदूषण के सूर्य के प्रकाश से बिजली का उत्पादन करती है।
योजना से मिले लाभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने अन्य नागरिकों से भी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर बिजली खर्च में बचत करने और स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने की अपील की।








