बालोद, 04 अगस्त। जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के लिए ग्राम एवं नगर निर्देशिका संबंधी आंकड़ों के संकलन एवं संचयन कार्य को लेकर मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय के ऑडिटोरियम में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्राची ठाकुर तथा श्री आशीष पेंद्रो ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में जनसंपर्क अधिकारी श्री चंद्रेश ठाकुर, जिला परिवहन अधिकारी श्री योगेश भंडारी, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, विकासखंड एवं खंड शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के लिए आवश्यक सभी आंकड़ों का संकलन एवं ऑनलाइन प्रविष्टि 30 अगस्त 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर जनगणना पोर्टल पर सभी जानकारियां त्रुटिरहित ढंग से दर्ज की जाएं।
प्रशिक्षण के दौरान नगरों की नागरिक स्थिति, लोकेशन कोड, विभिन्न जनगणनाओं की जनसंख्या एवं लिंगानुपात, नगर का भौगोलिक विवरण, जलवायु, आधारभूत अधोसंरचना, शैक्षणिक, चिकित्सा, बैंकिंग, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजन सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक सूचनाओं की ऑनलाइन एंट्री की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई।
अपर कलेक्टर श्री लकरा ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय स्तर का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए इसमें लगे सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, सावधानी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें ताकि जिले की सही एवं अद्यतन जानकारी जनगणना अभिलेखों में दर्ज हो सके।









