DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

टेकाढ़ोहा के बच्चों को साइबर अपराध और बाल सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

बाल संरक्षण एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ विशेष जागरूकता कार्यक्रम, 1098 हेल्पलाइन और पॉक्सो कानून की दी जानकारी

डौण्डी। बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों एवं संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विकासखंड की मास्टर ट्रेनर मोना रावत द्वारा शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला टेकाढ़ोहा में बाल संरक्षण एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के संयुक्त तत्वावधान में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बाल अधिकार, साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा आपातकालीन सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में बिना डर सहायता प्राप्त करें। उन्हें पॉक्सो अधिनियम-2012, किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम-2015 तथा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया गया।

मास्टर ट्रेनर मोना रावत ने बच्चों को गुड टच और बैड टच, साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन गेमिंग एवं सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सतर्क रहने के उपायों की जानकारी दी। साथ ही संकट में फंसे बच्चों के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की उपयोगिता बताते हुए किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इस सेवा का लाभ लेने की अपील की।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानपाठिका कल्पना महाजन, प्राथमिक प्रधान पाठक चंदूलाल साहू, तीरथ राम साहू, मिथिलेश कुमार गंजीर, नीलकंठ साहू सहित विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने बाल सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता से जुड़े विषयों पर सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल भाषा में समाधान किया।

You cannot copy content of this page