बालोद। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ बालोद द्वारा राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा की तैयारी को लेकर तीन दिवसीय पूर्वाभ्यास एवं जांच शिविर का सफल आयोजन भक्त माता कर्मा शासकीय कन्या महाविद्यालय, बालोद में 1 से 3 अगस्त तक किया गया। शिविर का आयोजन जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे, जिला सचिव के.एल. गजेन्द्र के मार्गदर्शन तथा शिविर संचालक नेमसिंह साहू एवं प्रेमलता चंद्राकर के निर्देशन में संपन्न हुआ।

शिविर में जिले के पांचों विकासखंडों से 83 स्काउट, 71 गाइड, 23 रोवर, 35 रेंजर, 30 प्रशिक्षक मंडल एवं 13 सर्विस रोवर्स-रेंजर्स सहित कुल 255 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उद्घाटन अवसर पर शिविर संचालक एवं जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) नेमसिंह साहू ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य पुरस्कार परीक्षा स्काउटिंग का सर्वोच्च सम्मान है, जो अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करती है।
शिविर में नवीन परीक्षा योजना के अनुरूप प्रवेश पाठ्यक्रम से लेकर राज्य पुरस्कार पाठ्यक्रम तक की सभी गतिविधियों का व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों की लिखित, मौखिक एवं प्रायोगिक परीक्षा भी आयोजित की गई। प्रशिक्षण में स्काउट-गाइड आंदोलन की जानकारी, बी.पी. की जीवनी, नियम-प्रतिज्ञा, ईश प्रार्थना, झंडा गीत, प्राथमिक उपचार, गांठें, लेसिंग, ट्रेसल तकनीक, पायोनियरिंग, बीपी सिक्स, आपातकालीन प्रबंधन, ध्वज शिष्टाचार, मानचित्र अध्ययन, अनुमान लगाना तथा दक्षता पदक जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों का अभ्यास कराया गया।
मुख्य परीक्षक के रूप में स्काउट विभाग से मिलन सिन्हा, गाइड विभाग से सीमा साहू, रोवर विभाग से भुवन सिन्हा तथा रेंजर विभाग से केशरीन बैग ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। वहीं सहायक परीक्षकों में अजय ठाकुर, रूपेंद्र सिन्हा, योगेश नायक, मकसूदन यादव, भागवत साहू, लूकेश्वर साहू, तेजेंद्र साहू, मुकेश धनगुन, नेमीचंद बढ़ाई, तनुजा बंजारे, नोम साहू, संजुक्ता भज, ज्योति विश्वकर्मा, डिम्पल साहू, चंद्रशेखर दिल्लीवार, मनीराम साहू, आरडी साहू, अखिलेश ठाकुर, सुमन तिवारी, विवेक धुर्वे, मधुमाला कौशल, लिली पुष्पा इक्का, मिथिला सिंघारे, चंद्रलेखा ठाकुर, पुष्पलता यादव एवं पुष्पलता गंजीर सहित अनेक प्रशिक्षकों ने विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया। शिविर के अंतिम दिन महाविद्यालय परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत स्वच्छता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
समापन समारोह में नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी मुख्य अतिथि, पार्षद गिरिजेश गुप्ता एवं महेश पाठक विशेष अतिथि तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे.के. खलको अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्था की प्रभारी प्राचार्य कालिंदी रावटे भी मौजूद रहीं। अतिथियों ने प्रतिभागियों को स्काउटिंग के आदर्शों पर चलने तथा राज्य पुरस्कार परीक्षा में सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए नेमसिंह साहू ने स्काउट आंदोलन, परीक्षा योजना एवं संगठन की विस्तृत जानकारी दी। अंत में गाइड विंग की शिविर संचालक प्रेमलता चंद्राकर ने सभी प्रशिक्षकों, सहयोगी स्टाफ, प्रतिभागियों तथा स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, बालोद के सर्विस रोवर्स-रेंजर्स का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के संस्कार विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर के सफल आयोजन पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ एवं जिला संघ बालोद के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया।









