एससी, एसटी एवं ओबीसी विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ, आधार से लिंक बैंक खाते में पहुंचेगी छात्रवृत्ति राशि
बालोद। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन पंजीयन, आवेदन, सत्यापन एवं छात्रवृत्ति वितरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। योजना के तहत अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया जाएगा।
यह योजना शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग, मेडिकल, नर्सिंग कॉलेजों, आईटीआई तथा पॉलीटेक्निक संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए लागू है।
विभाग के अनुसार नवीनीकरण (Renewal) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 जून 2026 से 30 दिसंबर 2026 तक संचालित होगी, जबकि नवीन (Fresh) आवेदन 01 अगस्त 2026 से 30 दिसंबर 2026 तक किए जा सकेंगे। विद्यार्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://postmatric-scholarship.cg.nic.in/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विभाग ने बताया कि छात्रवृत्ति की राशि भुगतान आदेश जारी होने के बाद आधार से सीडेड बैंक खाते में 7 कार्य दिवस के भीतर सीधे अंतरित कर दी जाएगी।
सभी संस्था प्रमुखों, छात्रवृत्ति प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन, सत्यापन एवं स्वीकृति से संबंधित सभी प्रक्रियाएं पूर्ण करें, ताकि पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।








