DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

आईटीआई दल्ली राजहरा में ‘नव कौशल पथ, नई राह-नया हुनर’ कार्यक्रम संपन्न, नवप्रवेशित प्रशिक्षणार्थियों का हुआ भव्य स्वागत

नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने सड़क निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की घोषणा, वाटर कूलर लगाने की भी दी सहमति

दल्ली राजहरा। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) दल्ली राजहरा में नवप्रवेशित प्रशिक्षणार्थियों के स्वागत एवं कौशल विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय ‘नव कौशल पथ, नई राह-नया हुनर’ कार्यक्रम मंगलवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण, नया रायपुर अटल नगर के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रवेश उत्सव में विद्यार्थियों को कौशल प्रशिक्षण, रोजगार एवं भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा के अध्यक्ष तोरण लाल साहू थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईटीआई के प्रभारी प्राचार्य एवं प्रशिक्षण अधीक्षक केशव कुमार दुबे ने की। विशेष अतिथि के रूप में अमित जायसवाल (संगठन मंत्री एवं संयुक्त सचिव, व्यापारी संघ), मनोज दुबे (उपाध्यक्ष, नगर पालिका परिषद), भूपेंद्र श्रीवास (सभापति), अशोक कुमार लोहिया (उपाध्यक्ष, व्यापारी संघ), तरुण साहू (पार्षद वार्ड क्रमांक 15), महावीर चोपड़ा तथा वरिष्ठ पत्रकार एवं हिंदू सेवा प्रदेश महामंत्री निलेश श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। नवप्रवेशित प्रशिक्षणार्थियों ने गीत, संगीत एवं कविता की प्रस्तुतियां दीं, वहीं भूतपूर्व प्रशिक्षणार्थियों एवं अप्रेंटिसशिप कर रहे युवाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कौशल प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।

अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रशिक्षण अधीक्षक केशव कुमार दुबे ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कौशल प्रशिक्षण के प्रति उत्साह बढ़ाना तथा उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार की योजनाओं की जानकारी देना है। उन्होंने बताया कि संस्था नई होने के कारण कुछ मूलभूत सुविधाओं की कमी है। सड़क एवं पेयजल जैसी समस्याओं से अतिथियों को अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद प्रशिक्षक पूरी लगन से विद्यार्थियों को रोजगारपरक प्रशिक्षण दे रहे हैं।

मुख्य अतिथि तोरण लाल साहू ने कहा कि यदि सीखने का जज्बा हो तो सीमित संसाधनों में भी सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्था तक पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की स्वीकृति देने की घोषणा की तथा पेयजल सुविधा के लिए वाटर कूलर उपलब्ध कराने की सहमति भी प्रदान की। साथ ही प्रशिक्षण संबंधी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर पर प्रयास करने का भरोसा दिया।

कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षण अधिकारी वीरेंद्र कुमार बघेल ने किया। कार्यक्रम की सफलता में चंद्रप्रकाश कश्यप, शिवेंद्र कुमार यादव, फनिल कुमार, टिकेश्वर कुमार, प्रवीण कुमार, शिल्पी वर्मा, गीतांजलि, गीतू गौतम तथा सहायक ग्रेड-1 राजेश श्रीवास्तव सहित संस्था के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।

You cannot copy content of this page