DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बिरेतरा पंचायत भवन बना खतरे का घर, जर्जर भवन में हर पल हादसे का डर; सरपंच व ग्रामीणों ने नए भवन की उठाई मांग

20 वर्ष पुराने पंचायत भवन की छत टपक रही, दीवारों में दरारें; प्रशासन से शीघ्र नवीन भवन स्वीकृत करने की मांग

बालोद/सिकोसा (भांठागांव), 05 अगस्त 2026। जनपद पंचायत गुंडरदेही अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरेतरा का पंचायत भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। भवन की छत से लगातार पानी टपक रहा है, दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं तथा भवन की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। पंचायत भवन की बदहाल स्थिति के कारण पंचायत के नियमित कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो रही है और कर्मचारियों सहित ग्रामीणों में हमेशा दुर्घटना का भय बना रहता है।

ग्राम पंचायत बिरेतरा के सरपंच, पंचगण एवं समस्त ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन से नवीन पंचायत भवन की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान पंचायत भवन लगभग 20 वर्ष पुराना है और अब पूरी तरह जर्जर एवं अनुपयोगी हो चुका है। विशेषकर बारिश के मौसम में भवन की छत टपकने से बैठकों का आयोजन करना भी मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत भवन में ग्राम विकास योजनाओं की बैठकें, राशन वितरण सहित विभिन्न शासकीय कार्य संपादित किए जाते हैं, लेकिन भवन की जर्जर स्थिति के कारण यहां कार्य करना जोखिम भरा हो गया है। उनका कहना है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, इसलिए समय रहते नया पंचायत भवन बनवाना अत्यंत आवश्यक है।

सरपंच एवं पंचगण ने कलेक्टर बालोद, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) तथा क्षेत्रीय विधायक से जनहित को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत बिरेतरा के लिए सुरक्षित, सुविधायुक्त एवं आधुनिक नवीन पंचायत भवन की शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

रिपोर्ट: रूपचंद जैन

You cannot copy content of this page