डौंडीलोहारा। जनपद पंचायत डौंडीलोहारा अंतर्गत ग्राम पंचायत अछोली का पंचायत भवन अत्यंत जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। भवन की खराब हालत के चलते एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब पंचायत भवन में लगा सीलिंग फैन हुक सहित अचानक नीचे गिर गया। गनीमत रही कि उस समय कोई उसकी चपेट में नहीं आया और बड़ी दुर्घटना टल गई।
पंचायत भवन की लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए ग्राम पंचायत का नियमित संचालन अब श्मशान घाट के पास स्थित सामुदायिक भवन में किया जा रहा है। जर्जर भवन के कारण पंचायत प्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

ग्राम पंचायत अछोली की सरपंच श्रीमती उनीता बाई भंडारी ने बताया कि पंचायत भवन काफी पुराना एवं जर्जर हो चुका है। भवन की मरम्मत अथवा नए पंचायत भवन के निर्माण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। उन्होंने संबंधित विभाग एवं शासन-प्रशासन से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करते हुए नए पंचायत भवन के निर्माण या वर्तमान भवन के पुनर्निर्माण की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।










