बालोद। जिले में 79वें स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय एवं भव्य आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने बुधवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की तथा सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए समय पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह
बैठक में बताया गया कि जिला स्तरीय मुख्य समारोह 15 अगस्त को जिला मुख्यालय स्थित स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित होगा। मुख्य अतिथि सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इससे पहले सभी शासकीय कार्यालयों में सुबह 7:30 बजे ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान होगा, जबकि संयुक्त जिला कार्यालय में सुबह 8 बजे कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ध्वजारोहण करेंगी।
अधिकारियों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां
समारोह के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक व्यवस्था, मंच निर्माण, वाटरप्रूफ शामियाना, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, कानून व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, फायर ब्रिगेड, चिकित्सा सुविधा, रंगोली, स्वागत द्वार, मंच सज्जा, आमंत्रण पत्र वितरण, मीडिया समन्वय और पुरस्कार वितरण सहित सभी व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
शहीद परिवारों और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान पर विशेष जोर
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि समारोह में शामिल होने वाले स्वतंत्रता सेनानियों, शहीद परिवारों, अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों के लिए सम्मानजनक बैठक एवं आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रेस प्रतिनिधियों के लिए भी अलग से बैठक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
13 अगस्त से शुरू होगी परेड रिहर्सल
बैठक में बताया गया कि 13 अगस्त से सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में परेड का अंतिम रिहर्सल शुरू होगा। इस दौरान चिकित्सा सुविधा, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
(स्रोत: जिला जनसंपर्क कार्यालय, बालोद)










