स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रचार-प्रसार के लिए जिलेभर में चल रहे जागरूकता कार्यक्रम
बालोद। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए बालोद जिले में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी के निर्देशानुसार ग्राम पंचायतों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है।
मानव श्रृंखला बनाकर दिया स्वच्छता का संदेश
इसी अभियान के तहत जनपद पंचायत डौंडी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डी.डी. मंडले के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत ठेमाबुजुर्ग के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला ठेमाबुजुर्ग, प्राथमिक शाला बरबट्टीपारा तथा पूर्व माध्यमिक शाला गंगोलीडीह के छात्र-छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया। बच्चों ने स्वच्छ वातावरण, कचरा प्रबंधन और साफ-सफाई के महत्व को रेखांकित करते हुए लोगों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
जिलेभर में चल रही विविध गतिविधियां
स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत जिले में स्वच्छता शपथ, जागरूकता रैली, हाथ धुलाई अभियान, मानव श्रृंखला, घर-घर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों एवं सड़क किनारों की साफ-सफाई जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, बच्चों और आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अधिकारी और शिक्षक भी रहे शामिल
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के खंड समन्वयक डी.एस. यादव, शिक्षक सोहन सिवाना, गजेंद्र रावटे, लक्ष्मी नारायण बंजारे, खिलावन साहू, दिव्या कौर सहित विद्यालयों के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
(स्रोत: जिला जनसंपर्क कार्यालय, बालोद)










